वैभव सूर्यवंशी के ऊपर तगड़ा एक्शन, मैदान पर धक्का-मुक्की पड़ी भारी, 15 साल की उम्र में मिली ऐसी सजा
Vaibhav Sooryavanshi: श्रीलंका के दांबुला मैदान पर भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच बेहद रोमांचक मैच का नतीजा तो सुपर ओवर में निकला, लेकिन खेल खत्म होते ही मैदान पर एक ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया जिसने दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसकों को पूरी तरह हैरान कर दिया। मैदान पर एक बड़ा विवाद देखने को मिला था, वैभव सूर्यवंशी श्रीलंकाई प्लेयर्स से उलझ गए थे।
टूर्नामेंट की शुरुआत से ही श्रीलंकाई खिलाड़ी भारतीय युवाओं को उनके आईपीएल प्रदर्शन को लेकर लगातार स्लेज कर रहे थे। मैच खत्म होते ही श्रीलंका के विशेन हलाम्बगे ने वैभव सूर्यवंशी पर कुछ आपत्तिजनक और व्यक्तिगत टिप्पणियां कीं। उन्होंने वैभव को ताना मारते हुए कहा कि अब मैच खत्म हो गया है और तुम घर जाओ। इसके बाद सूर्यवंशी ने श्रीलंका के खिलाड़ी हलाम्बगे को धक्का मारा था, इस मामले पर एक्शन हुआ है।

मैच रेफरी ने की सजा की सिफारिश
इस पूरी घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए मैच रेफरी प्रदीप जयप्रगाश ने ऑन-फील्ड अंपायरों की रिपोर्ट के आधार पर कड़ी सजा की सिफारिश की है। वैभव सूर्यवंशी पर उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत भारी जुर्माना लगाने की बात कही गई है। वहीं श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन पर भी 50 प्रतिशत और निरोशन डिकवेला पर 20 प्रतिशत जुर्माना लगाने की सिफारिश हुई है।
कप्तान तिलक वर्मा पर भी मंडराया बैन का खतरा
इस विवाद में केवल वैभव ही नहीं बल्कि कप्तान तिलक वर्मा भी बुरी तरह फंस गए हैं। तिलक वर्मा पर मैच के दौरान अंपायरों से दो बार तीखी बहस करने का आरोप है। पहली बहस खराब रोशनी में सुपर ओवर कराने और दूसरी बहस सुपर ओवर की आखिरी गेंद पर नो-बॉल देने को लेकर हुई थी।
बीसीसीआई और श्रीलंका बोर्ड लेंगे आखिरी फैसला
नियमों के अनुसार ए-टीम के इन मैचों में सीधे तौर पर आईसीसी के अनुशासनात्मक नियम लागू नहीं होते हैं। मैच रेफरी ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है और अब तिलक वर्मा पर 30 प्रतिशत जुर्माने व संभावित बैन को लेकर आखिरी फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को ही करना है। टीम के प्रदर्शन के बीच इस अनुशासनात्मक कार्रवाई ने बोर्ड की चिंता बढ़ा दी है।
भारतीय टीम ने फाइनल में बनाई जगह
विवाद पर जुर्माने की सिफारिश के बीच भारतीय टीम ने इस त्रिकोणीय सीरीज में फाइनल तक का सफर तय कर लिया है। बुधवार को खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को हराते हुए ट्रॉफी की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications