U19 WC 2022: बेबी एबी ने वर्ल्ड कप में रचा इतिहास, तोड़ा धवन का 18 साल पुराना रिकॉर्ड

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेला जा रहा अंडर 19 क्रिकेट विश्वकप अपने अंतिम चरण में हैं, जहां पर फैन्स को खिताबी विजेता का नाम पता चलने के लिये बस एक मैच के नतीजे का इंतजार है। अंडर 19 विश्वकप का फाइनल मैच 5 फरवरी को भारत और इंग्लैंड की टीम के बीच खेला जाना है। जहां पर इंग्लैंड की टीम 24 साल बाद पहली बार फाइनल तक पहुंच पाने में कामयाब हुई है तो वहीं पर भारतीय टीम ने लगातार चौथी बार फाइनल में जगह बनायी है। भले ही अंडर 19 विश्वकप के फाइनल मैच के लिये दोनों टीमों का पता लग चुका हो लेकिन इस बीच बाकी स्थान पर टीमों कि स्थिति का पता लगाने के लिये अभी भी मैच खेले जा रहे हैं।
और पढ़ें: IND vs WI: कोरोना विस्फोट के बीच भारतीय टीम में लौटा विस्फोटक बैटर, अब तक 5 खिलाड़ी संक्रमित
गुरुवार को अंडर 19 विश्वकप के 7वें पायदान पर रहने वाली टीम का पता लगाने के लिये डिफेंडिंग चैम्पियन बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका के बीच मैच खेला गया, जिसमें साउथ अफ्रीका की टीम ने 2 विकेट से मैच को जीतकर 7वें पायदान पर कब्जा कर लिया। वहीं पूर्व चैम्पियन बांग्लादेश की टीम खिताब बचाना तो दूर 8वें पायदान पर अंडर 19 विश्वकप का सफर करने वाली टीम बनी।
और पढ़ें: हार्दिक पांड्या से खफा हुए विराट कोहली के बचपन के कोच, T20 WC पर दिये बयान से भड़के

बेबी एबी ने तोड़ा धवन का वर्ल्ड रिकॉर्ड
साउथ अफ्रीका के लिये इस मैच में एबी डिविलियर्स की परछाई माने जाने वाले और 'बेबी एबी' के नाम से क्रिकेट की गलियारों में अक्सर चर्चा में रहने वाले डेवाल्ड ब्रेविस ने धमाल मचाया और 138 रनों की पारी खेल कर इतिहास रच दिया। डेवाल्ड ब्रेविस ने इस मैच में 138 रनों की पारी खेली जिसके दम पर उन्होंने भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के 18 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया और अंडर 19 विश्वकप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गये हैं। डेवाल्ड ब्रेविस इस सीजन 6 पारियों में 45 चौके 18 छक्कों की मदद से 506 रन बना चुके हैं। ब्रेविस ने अपनी इस पारी में 84.33 की औसत से ये रन बनाये जिनमें 3 शतक और 2 अर्धशतक भी शामिल हैं। ब्रेविस से पहले यह रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम था जिन्होंने 2004 के अंडर 19 विश्वकप में कुल 505 रन बनाये थे।

ब्रेविस के आस-पास भी नहीं है दूसरा खिलाड़ी
वेस्टइंडीज में खेले जा रहे मौजूदा अंडर 19 विश्वकप की बात करें तो जहां पर बेबी एबी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले पायदान पर काबिज हैं तो वहीं पर पाकिस्तान के हसीबुल्लाह खान ने 6 मैचों में 380 रन बनाकर दूसरे पायदान पर कब्जा जमाया हुआ है। इंग्लैंड के टॉम प्रेस्ट (292) और भारत के अंगरिक्ष रघुवंशी (278) इस फेहरिस्त में तीसरे और चौथे पायदान पर काबिज हैं और दोनों ही खिलाड़ियों को फाइनल के लिये एक दूसरे से भिड़ना है। ऐसे में दोनों के पास ही दूसरे पायदान पर कब्जा जमाने का मौका है लेकिन ब्रेविस से आगे निकलना नामुमकिन है। अगर इन बल्लेबाजों को बेबी एबी का रिकॉर्ड तोड़ना है तो फाइनल मैच में दोहरा शतक लगाना होगा।

बेबी एबी ने ठोंके 11 चौके, 7 छक्के
गौरतलब है कि ब्रेविस ने बांग्लादेश के खिलाफ खेले गये इस मैच में 130 गेंदों का सामना किया, जिसमें 11 चौके और 7 छक्कों की मदद से उन्होंने 138 रन बना डाले। 7वें पायदान के लिये खेले गये इस मैच में बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और अरीफुल इस्लाम (102) की शतकीय पारी के दम पर निर्धारित 50 ओवर्स में 8 विकेट खोकर 293 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर डाला। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम ने बेबी एबी की शतकीय पारी और रोनन हरमन (46), मैथ्यू बोस्ट (41) की जुझारू पारियों के दम पर मैच को 48.5 ओवर्स में 2 विकेट पहले ही जीत लिया। आपको बता दें कि अंडर 19 विश्वकप में तीसरे पायदान के लिये शुक्रवार को अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला खेला जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications