IND vs WI: कोरोना विस्फोट के बीच भारतीय टीम में लौटा विस्फोटक बैटर, अब तक 5 खिलाड़ी संक्रमित

नई दिल्ली। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 6 फरवरी से खेली जाने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज से महज 4 दिन पहले भारतीय क्रिकेट टीम के खेमे में कोरोना विस्फोट देखने को मिला है, जिसके तहत अब तक 5 खिलाड़ी इस वायरस का शिकार हो चुके हैं। कोरोना वायरस की रिपोर्ट में पॉजिटिव पाये जाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में भारत के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, ऋतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और नेट बॉलर नवदीप सैनी का नाम शामिल है। भारतीय टीम में हुए इस कोरोना विस्फोट को देखते हुए बीसीसीआई ने रोहित शर्मा की कप्तानी वाली वनडे टीम में मयंक अग्रवाल को आधिकारिक रूप से जोड़ा था, हालांकि अब खबर आ रही है कि खिलाड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए बोर्ड ने एक और खिलाड़ी की वनडे टीम में वापसी करा दी है।
और पढ़ें: हार्दिक पांड्या से खफा हुए विराट कोहली के बचपन के कोच, T20 WC पर दिये बयान से भड़के
रिपोर्ट के अनुसार इशान किशन को भी वनडे टीम में शामिल कर लिया गया है, जो कि पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ टी20 टीम का हिस्सा थे। उल्लेखनीय है कि टीम के उपकप्तान केएल राहुल अपनी बहन की शादी के चलते पहले वनडे मैच के लिये उपलब्ध नहीं हैं और वनडे टीम की पहली च्वाइस वाले खिलाड़ियों के कोरोना की चपेट में आ जाने के बाद इशान किशन का खेलना लगभग तय नजर आ रहा है।
और पढ़ें: गांगुली बोले- रणजी खेल कर रन बनाओ तभी मिलेगा मौका, श्रीलंका के खिलाफ टीम से बाहर हुए दिग्गज

वनडे टीम में वापस लौटे इशान किशन
उल्लेखनीय है कि इशान किशन ने अपना वनडे डेब्यू पिछले साल श्रीलंका दौरे पर किया था, जहां पर उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर छक्का मारकर करियर का आगाज किया। अपने एकदिवसीय डेब्यू में इशान किशन ने टी20 करियर की तरह ही विस्फोटक अर्धशतक भी लगाया था। जहां पहले मैच में इशान किशन का खेलना लगभग तय नजर आ रहा है तो वहीं पर खिलाड़ियों के कोरोना से ठीक होने और केएल राहुल के दूसरे वनडे मैच में वापसी करने के साथ ही किशन का फिर से टीम से बाहर हो जाना भी तय है।

टीम मैनेजमेंट के पास नहीं बचा विकल्प
इस बीच पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम ने इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोरोना विस्फोट के बाद भारतीय टीम मैनेजमेंट के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है। टीम मैनेजमेंट को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में इशान किशन को कप्तान रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज करने के लिये भेजना ही होगा।
इंडिया न्यूज से बात करते हुए उन्होंने कहा,'आपके पास बहुत सारे विकल्प नहीं बचे हैं और साथ ही संक्रमण के चलते आपकी टीम पर भी काफी असर पड़ा है। इस वजह से मुझे लगता है कि हमें एक नई एप्रोच देखने को मिलेगी। यह सही संयोजन होगा क्योंकि अगर रोहित शर्मा के साथ इशान किशन ओपनिंग करते हैं, तो जिस तरह से किशन का खेलने का अंदाज है वह पावरप्ले का सही इस्तेमाल करने में भारत की मदद करेगा और हम एक अच्छी शुरुआत कर पायेंगे।'

किशन की वजह से रोहित को होगा फायदा
सबा करीम ने इशान किशन की आक्रामक बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि जिस तरह से यह युवा विस्फोटक बल्लेबाज आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करता है वह दुनिया में सबसे बेहतर है। इसका फायदा रोहित को भी मिलता है और वो खुद को मैदान पर सेटल करने में समय ले सकते हैं।
उन्होंने कहा,'यह रोहित शर्मा को और ज्यादा समय देगा कि वो आसानी से मैदान पर संभल जायें। रोहित शर्मा ऐसे खिलाड़ी हैं जो लंबे समय तक खेल सकते हैं और वो जितनी देर मैदान पर रहेंगे भारत को ही फायदा है। मुझे लगता है कि यह दांये और बायें हाथ का संयोजन, खेलने की अलग शैली भारत के पक्ष में जायेगी क्योंकि किशन ज्यादा जोखिम लेते हैं जिसकी वजह से स्ट्राइक रेट काफी बढ़िया हो जाता है।'












Click it and Unblock the Notifications