U19 WC 2022: शतक लगाने पर यश ढुल के पिता ने की तारीफ, विश्वकप को लेकर कही बड़ी बात

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले जा रहे अंडर-19 विश्वकप में बुधवार को भारतीय टीम ने कप्तान यश ढुल की शतकीय पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया को 96 रनों से मात दे दी और लगातार चौथी बार फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए यश ढुल (110) और शेख रसीद (94) की पारियों के दम पर 290 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 194 रन पर ऑल आउट हो गई और भारत ने 96 रनों से जीत हासिल कर ली। अब फाइनल में खिताब के लिये भारत का मुकाबला इंग्लैंड से 5 फरवरी को होगा, जहां पर भारतीय टीम 5वीं बार अंडर 19 विश्वकप का खिताब जीतने की कोशिश करेगी।
और पढ़ें: IPL 2022 से पहले और बाद में खेली जायेगी रणजी ट्रॉफी, BCCI ने जारी किया दो फेज का शेड्यूल
भारतीय टीम के कप्तान यश ढुल के लिये यह टूर्नामेंट आसान नहीं रहा है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टूर्नामेंट का पहला मैच खेलने के बाद ही कप्तान यश ढुल समेत 6 भारतीय खिलाड़ी कोरोना की चपेट में आ गये थे, जिसके बाद वो अगले 2 मैचों का हिस्सा नहीं बन सके और क्वार्टरफाइनल में वापसी करने के बाद कोई खास पारी भी नहीं खेली। हालांकि इसके बावजूद भारतीय टीम ने हर मैच में विशाल जीत हासिल की है। अब भारतीय टीम खिताब जीतने की प्रबल दावेदार नजर आ रही है।
और पढ़ें: IPL 2022: आरसीबी में घर वापसी के लिये युजवेंद्र चहल पर कितना करना होगा खर्च, खुद किया खुलासा

भारतीय टीम जरूर जीतेगी विश्वकप
सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जिस तरह से कप्तान यश ढुल ने पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने का काम किया उसे देखते हुए पूरे देश की उम्मीद उनसे बढ़ गई है और फाइनल मैच में वो जीत की पसंदीदा टीम बन चुकी है। इस मौके पर कप्तान यश ढुल के पिता विजय ढुल ने भी अपनी राय दी है।
उन्होंने कहा,' जाहिर तौर पर विश्व कप भारतीय टीम ही जीत कर लायेगी क्योंकि वो काफी शानदार प्रदर्शन करती आ रही है और वो डिजर्व करते हैं। इसमें कोई शक की बात नहीं है कि दूसरी टीमों ने अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन भारत ने एकतरफा अंदाज में जीत हासिल की है और सारा देश उनसे अच्छा प्रदर्शन जारी रखने की उम्मीद कर रहा है। ऐसे में विश्वकप क्यों नहीं आयेगा।'

यश के पास है बेहतर क्रिकेटिंग माइंड
उल्लेखनीय है कि यश ढुल ने न सिर्फ बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन किया बल्कि कप्तानी से भी सभी का दिल जीतकर अंडर-19 विश्वकप जीतने वाले कप्तान मोहम्मद कैफ, विराट कोहली, उन्मुक्त चंद और पृथ्वी शॉ की लिस्ट में शामिल होने के करीब पहुंच गये हैं।
एएनआई से बात करते हुए विजय ढुल ने कहा,' यश के पास काफी शानदार क्रिकेटिंग माइंड है और वो चीजों को गंभीरता से लेता है। वह कोई भी चीज बहुत जल्दी से सीखता है। वो सोचता है कि ऐसी परिस्थिति में बल्लेबाज या गेंदबाज क्या कर सकता है और किस बॉलर के खिलाफ किस बैटर को लगाना चाहिये। वह काफी जल्दी बदलाव करता है। एक बार मैंने उससे पूछा था कि बदलाव करते वक्त उसके दिमाग में क्या चल रहा होता है और कैसे मैं उससे गलती करा सकता हूं।'

ढुल नहीं लेते हैं ज्यादा दबाव
गौरतलब है कि आईसीसी के अंडर 19 विश्वकप इतिहास में भारत सबसे ज्यादा बार खिताब जीतने वाला देश है जिसने अब तक 4 बार ट्रॉफी जीता है तो वहीं पर 8 बार फाइनल में पहुंच चुका है।
ढुल के पिता ने आगे कहा,'जितना मैं जानता हूं कि वो बहुत ज्यादा दबाव नहीं लेता है। वह हर मैच के हिसाब से अपने आप को तैयार करता है। हमारे लिये उसका अंडर 19 टीम के लिये चुना जाना बहुत बड़ी उपलब्धि है। बाकी की सारी चीजें अपनी जगह हैं। जो खिलाड़ी मैच दर मैच रणनीति तैयार करते हैं वो ज्यादा दबाव नहीं लेते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications