U19 WC 2022: फाइनल से पहले कोहली से बात करते नजर आये भारतीय क्रिकेटर, मिला जीत का मंत्र

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भले ही अपनी कप्तानी में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का कोई विश्वकप खिताब नहीं जीता हो लेकिन आज से ठीक 14 साल पहले उन्होंने अपने करियर का आगाज बिल्कुल उसी अंदाज में किया था, जहां पर अभी मौजूदा अंडर 19 की भारतीय टीम के कप्तान यश ढुल काबिज हैं। यश ढुल की कप्तानी वाली भारत की अंडर 19 टीम फिलहाल वेस्टइंडीज में जारी अंडर 19 विश्वकप का हिस्सा बनी हुई है जिसके सेमीफाइनल मैच में उसने ऑस्ट्रेलिया को 96 रनों से हराकर लगातार चौथी बार फाइनल में प्रवेश किया है। वहीं पर इंग्लैंड की टीम 24 साल बाद अंडर 19 टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंच पाने में कामयाब हो सकी है और अब खिताब के लिये दोनों टीमें शनिवार 5 फरवरी को सर विवियन रिचर्डस स्टेडियम में उतरेंगी।
और पढ़ें: U19 WC 2022: पाकिस्तानी कप्तान ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने
जहां यश ढुल भारतीय टीम का फाइनल में प्रतिनिधित्व करते हुए खिताब जीतने की कोशिश करते नजर आयेंगे तो वहीं पर 14 साल पहले मार्च 2008 में विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने इस खिताब को जीता था। इसके साथ ही विराट कोहली भारत के लिये यह खिताब जिताने वाले दूसरे कप्तान बनें थे। भारत ने अब तक यह खिताब सबसे ज्यादा 4 बार जीता है और अगर यश ढुल भी इस खिताब को जीत जाते हैं तो वो बेहद खास कप्तानों की लिस्ट में शामिल हो जायेंगे। भारत के लिये मोहम्मद कैफ, विराट कोहली, उन्मुक्त चंद और पृथ्वी शॉ ही इस खिताब को जीत सके हैं।
और पढ़ें: U19 WC 2022: बेबी एबी ने वर्ल्ड कप में रचा इतिहास, तोड़ा धवन का 18 साल पुराना रिकॉर्ड

बीसीसीआई ने युवा क्रिकेटर्स को दिया सरप्राइज
अंडर 19 का खिताब जीतने के बाद विराट कोहली ने भारत के लिये डेब्यू करते हुए बेहद सफल करियर बनाया और मौजूदा समय में 20 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनें हैं। इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले से पहले बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह ने अंडर 19 की भारतीय टीम को सरप्राइज देते हुए एक जूम कॉल का अरंजमेंट किया जिसमें विराट कोहली ने भारतीय खिलाड़ियों को विश्वकप फाइनल में सफलता हासिल करने का मूल मंत्र दिया। रिपोर्ट के अनुसार इस मास्टरस्ट्रोक के पीछे एनसीए हेड वीवीएस लक्ष्मण का हाथ है।
इस वीडियो कॉल के बार में फैन्स को तब पता चला जब युवा खिलाड़ी राज्यवर्धन हांगरेकर, कौशल तांबे, कप्तान यश ढुल ने अपने आदर्श विराट कोहली के साथ की स्क्रीनग्रैब फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर की।

कोहली से बात कर फूले नहीं समा रहे युवा क्रिकेटर्स
इसमे साफ नजर आ रहा है कि भारतीय अंडर 19 टीम के कोच ऋषिकेश कांतिकार और पूरी भारतीय टीम विराट कोहली के साथ जूम कॉल पर बात करती नजर आ रही है। इस मौके पर कई खिलाड़ियों ने अपनी खुशी को इजहार सोशल मीडिया पर किया है।
जहां पर राज्यवर्धन हांगरेकर ने स्क्रीनशॉट शेयर कर लिखा,'विराट कोहली भैय्या आपसे बात करके काफी अच्छा लिखा, जीवन के कुछ अहम पहलुओं के बारे में सीखा और क्रिकेट की बारिकियों को जानने का मौका मिला जो कि आने वाले समय में हमारे लिये फायदेमंद साबित होंगी।' तो वहीं पर स्पिनर कौशल तांबे ने लिखा कि फाइनल से पहले कुछ अहम सुझाव गोट (ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम) के हवाले से।

दबाव संभालने में काम आयेगी विराट कोहली की सलाह
उल्लेखनीय है कि भारतीय क्रिकेटर्स और विराट कोहली के बीच असल में क्या-क्या बात हुई है इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है लेकिन जैसा कि 2018 की अंडर 19 टीम के साथ राहुल द्रविड़ ने बात की थी युवाओं को अपने आपको संभालते हुए सिर्फ सामने खेले जाने वाले मैच पर ध्यान देने की सलाह दी थी, कुछ वैसे ही सुझाव कोहली से भी दिये गये होंगे। आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी होने में अब 10 दिन से भी कम समय बचा हुआ है, जिसे देखते हुए बहुत सारी फ्रैंचाइजियों की नजरें इन खिलाड़ियों पर होंगी। आईपीएल में खेलने को बेकरार इन युवा खिलाड़ियों के लिये अपने ऊपर बन रहे दबाव को संभालने में विराट कोहली का अनुभव काफी अहम साबित हो सकता है।
आपको बता दें कि अंडर 19 विश्वकप का फाइनल मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच एंटिगुआ के सर विवियन रिचर्डस स्टेडियम में खेला जायेगा। जहां पर इंग्लैंड की टीम ने रोमांचक मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ 15 रनों की जीत हासिल की थी, तो वहीं पर भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 96 रनों से हराकर लगातार चौथी बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनायी है। भारतीय टीम शनिवार को अपनी 5वीं खिताब जीत के इरादे से उतरेगी। भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में अब तक कई मुश्किलों के बावजूद सिर्फ बड़ी जीत हासिल की है और अजेय रहते हुए फाइनल में जगह पक्की की है।












Click it and Unblock the Notifications