T20 World Cup 2026: क्या रद्द होगा भारत-पाक मैच? राजीव शुक्ला के इस बयान ने मचाई खलबली!
T20 World Cup 2026 IND vs PAK: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। इस मुद्दे पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बोर्ड का रुख स्पष्ट कर दिया है। सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए शुक्ला ने कहा कि इस मामले में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) का निर्णय ही अंतिम होगा और BCCI उसी का पालन करेगा।
राजीव शुक्ला ने ICC पर छोड़ा फैसला (T20 World Cup 2026 IND vs PAK)
राजीव शुक्ला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जैसा कि मैंने पहले भी स्पष्ट किया है, ICC जो भी फैसला लेगा, हम उसके साथ जाएंगे। इस मामले में BCCI को अपनी ओर से कुछ नहीं कहना है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि उनकी टीम 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत के खिलाफ मुकाबले में हिस्सा नहीं लेगी। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस फैसले को बांग्लादेश के साथ एकजुटता से जोड़ा है।

आईसीसी ने मांगे फोर्स मेज्योर के सबूत
बता दें कि बांग्लादेश को साल 2026 वर्ल्ड कप से हटाकर स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है, क्योंकि ICC बांग्लादेश की उन मांगों को पूरा नहीं कर सका था जिसमें उन्होंने अपने सभी मैच भारत से बाहर कराने की शर्त रखी थी। इस पूरे घटनाक्रम के बीच ICC ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से फोर्स मेज्योर के दावों को साबित करने के लिए सबूत मांगे हैं। ICC का मानना है कि टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले इस तरह का बहिष्कार न केवल खेल भावना के खिलाफ है, बल्कि इससे भारी व्यावसायिक नुकसान भी हो सकता है।
पाकिस्तान करना चाहता है अपना बचाव
ICC के संविधान के अनुसार यदि कोई सदस्य बोर्ड अपनी जिम्मेदारियों का उल्लंघन करता है तो उसकी सदस्यता निलंबित या समाप्त की जा सकती है। दूसरी ओर PCB साल 2014 के एक पुराने विवाद का हवाला दे रहा है, जिसमें भारतीय सरकार ने BCCI को द्विपक्षीय सीरीज खेलने की अनुमति नहीं दी थी। पाकिस्तान इसे एक मिसाल मानकर अपना बचाव कर रहा है।
पाकिस्तानी मीडिया की खबरों के अनुसार, ICC, PCB और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच लाहौर में हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद इस गतिरोध के जल्द सुलझने की उम्मीद है। डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा के नेतृत्व में ICC का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान सरकार के अंतिम फैसले का इंतजार कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications