T20 World Cup 2022: फ्री हिट पर बोल्ड होने पर गेंद डेड बॉल या बाई विवाद पर साइमन टफेल ने बताया क्या है नियम
T20 World Cup 2022: भारत-पाकिस्तान के बीच विश्वकप का मुकाबला यूं तो खत्म हो गया है लेकिन मैच के दौरान अंपायर के कुछ फैसलों पर शुरू हुआ विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। मैच में भारत ने आखिरी गेंद पर रोमांचक जीत दर्ज की लेकिन मैच में अंपायर के कुछ फैसलों पर अभी भी चर्चा हो रही है। इसमे दो सबसे विवादित फैसले एक नो बॉल और दूसरा फ्री हिट पर बोल्ड होने पर तीन रन लेने का है। मैच के दौरान अंपायर के इन दोनों ही फैसलों पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।

टीम इंडिया की जबरदस्त जीत
मैंच में जिस तरह से विराट कोहली पाकिस्तान के सामने चट्टान बनकर खड़े हुए और आखिरी गेंद तक मैदान पर डटे रहे उसकी काफी तारीफ हो रही है। पाकिस्तान के 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं, भारतीय टीम ने शुरुआती 4 विकेट काफी जल्दी खो दिए। लेकिन हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर विराट कहोली टीम इंडिया को ना सिर्फ जीत की दहलीज तक लेकर आए बल्कि 82 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम इंडिया को विश्वकप में पहली जीत दिलाई।

आखिरी ओवर में चाहिए थे 16 रन
मैच के आखिरी ओवर में भारतीय टीम को 16 रन चाहिए थे। आखिरी ओवर में वह सबकुछ हुआ जो आप सोच भी नहीं सकते हैं। या यूं कहे विश्वकप के इतिहास में यह सबसे रोमांचक ओवर रहा होगा। इस ओवर में दो विकेट गिरे, दो अतिरिक्त गेंद डाली गईं, विराट कोहली फ्री हिट पर क्लीन बोल्ड हुए, जिसपर उन्होंने 3 रन भागकर लिए। रविचंद्रन अश्विन ने बेहद कूल अंदाज में आखिरी गेंद पर मैच को खत्म किया।

नो बॉल को लेकर विवाद
पाकिस्तान की ओर से बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए नवाज ने टीम इंडिया को मुश्किल में ला दिया था, पहली ही गेंद पर उन्होंने हार्दिक पांड्या को पवेलियन भेजा। इसके बाद क्रीज पर आए दिनेश कार्तिक सिंगल लेने के चक्कर में आउट हो गए। विराट कोहली को क्रीच पर आने से रोकने के लिए नवाज ने यॉर्कर गेंद डाली लेकिन विराट कोहली ने जबरदस्त तरीके से दो रन लिए और स्ट्राइक को अपने पास रखा। अगली गेंद जब फुलटॉस कमर के पास गई और इसपर कोहली ने छक्का मार दिया तो इस गेंद को अंपायर ने नो बॉल दे दिया।

विवाद में फैसला
अंपायर रॉड टकर ने इस गेंद को नो बॉल दे दिया। जिसके बाद पाकिस्तान टीम ने अंपायर से चर्चा शुरू कर दी कि यह नो बॉल नहीं थी। अगली फ्री हिट पर विराट कोहली बोल्ड हो गए, लेकिन विकेट से गेंद लगने के बाद दूर गई और विराट कोहली ने तीन रन चुराकर लिए। एक तरफ जहां पाकिस्तान की टीम इस गेंद को डेड बॉल देने की मांग की और कहा कि इसे डेड बॉल करार दिया जाए और तीन रन को खारिज किया जाए। लेकिन अंपायर ने बाई का इशारा किया और टीम इंडिया के खाते में 3 रन मिले।

क्या है नियम
अंपायर के इस फैसले पर काफी सवाल खड़े हो रहे हैं और इसको लेकर विवाद हो रहा है। अब इसपर दिग्गज अंपायर साइमन टफेल ने अपनी राय रखी है। साइमन टफेल ने कहा कि एमसीजी में भारत-पाकिस्तान के बीच का मुकाबला काफी रोमांचक रहा। लोग मुझसे कई बार यह पूछ चुके हैं कि विराट कोहली जिस फ्री हिट गेंद पर बोल्ड हुए क्या वह बाई होनी चाहिए या डेड बॉल। साइमन टफेल ने कहा कि आईसीसी के नियम कहते हैं, अंपायर ने सही फैसला लिया, बाई का इशारा देकर अंपायर ने सही फैसला दिया था और बल्लेबाज को तीन रन मिले। गेंद स्टंप पर लगी और बल्लेबाजों ने दौड़कर तीन रन लिए। फ्री हिट पर बल्लेबाज बोल्ड नहीं हो सकता है, लिहाजा गेंद को डेड बॉल नहीं हो सकती है अगर गेंद स्टंप पर लगती है। गेंद अभी भी खेल में है और बाई को लेकर जो भी नियम हैं वह उस दौरान मैच में लागू होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications