हार्दिक पांड्या से खफा हुए विराट कोहली के बचपन के कोच, T20 WC पर दिये बयान से भड़के

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने टीम के हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या की ओर से दिये गये हालिया बयानों पर आपत्ति जताते हुए जमकर लताड़ लगाई है, जिसमें उन्होंने यूएई में खेले गये टी20 विश्वकप 2021 में अपने रोल पर बात की है। हार्दिक पांड्या ने हाल ही में कहा था कि टी20 विश्वकप 2021 की टीम में उन्हें बतौर बल्लेबाज खिलाया गया था और टीम की खातिर उन्होंने सिर्फ एक मौके पर गेंदबाजी की थी। हार्दिक पांड्या का यह बयान काफी चौंकाने वाला रहा क्योंकि टी20 विश्वकप खेलने गई भारतीय टीम की बात करें तो उसकी प्लेइंग 11 के टॉप 6 बल्लेबाजों में हार्दिक पांड्या को छोड़कर कोई दूसरा बॉलिंग ऑलराउंडर नहीं था।
और पढ़ें: सौरव गांगुली बोले- रणजी खेल कर रन बनाओ तभी मिलेगा मौका, टेस्ट टीम के दिग्गजों को मिली वॉर्निंग
इतना ही नहीं जब चयनकर्ताओं ने भारत की टी20 टीम का ऐलान किया था खुद मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा ने इस बात का ऐलान किया था कि हार्दिक पांड्या को सिर्फ इस वजह से टीम में शामिल किया गया है क्योंकि उन्होंने खुद के फिट होने की पुष्टि की है और बताया है कि वो टी20 विश्वकप में बतौर ऑलराउंडर खेलते नजर आयेंगे, जिसका मतलब है कि फैन्स को टूर्नामेंट के दौरान हार्दिक पांड्या की गेंदबाजी भी देखने को मिलेगी।
और पढ़ें: U19 WC 2022: शतक लगाने पर यश ढुल के पिता ने की तारीफ, विश्वकप को लेकर कही बड़ी बात

चोट से उबरने पर काम कर रहे हैं पांड्या
उल्लेखनीय है कि भारतीय फैन्स को इंडियन टीम से जिस तरह के प्रदर्शन की उम्मीद थी, उसे वैसा देखने को नहीं मिला। पहले दो मैचों में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से हारने के बाद भारतीय टीम बाहर हो गई और सुपर 12 स्टेज के बचे हुए 3 मैचों में जीत हासिल कर सिर्फ सुपर 12 तक ही खेल सकी। हार्दिक पांड्या की फिटनेस को लेकर लगातार बात हो रही थी, जिसकी वजह से जब उनका टीम में चयन किया गया तो कई दिग्गजों ने इस पर सवाल भी उठाया। मुख्य चयनकर्ता की ओर से खुद को फिट करार दिये जाने के बाद भी हार्दिक के लिये आईपीएल 2021 का दूसरा लेग अच्छा नहीं बीता और वो इस खराब प्रदर्शन के साथ विश्वकप खेलने पहुंचे।
हार्दिक पांड्या फिलहाल अपनी चोट की सर्जरी से उभर रही इंजरी पर काम कर रहे हैं और अनफिट होने की वजह से वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं बने हैं।

टीम मैनेजमेंट ने दिया हार्दिक का साथ तो खेल सके टी20 विश्व कप
विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने हार्दिक पांड्या के बयान पर बात करते हुए बताया कि टीम मैनेजमेंट हार्दिक पांड्या को टी20 विश्वकप की टीम में लेने को बेकरार था और उनकी फिटनेस खराब होने के बावजूद उन्हें खिलाया, ऐसे में उन्हें थोड़ा समझदारी भरा बयान देना चाहिये। भारतीय टीम इस समय उन खिलाड़ियों की तलाश कर रही है जो ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप में गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी भी कर सकें।
यूट्यूब चैनल खेलनीति पर बात करते हुए राजकुमार शर्मा ने कहा,'चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट ने हार्दिक पांड्या को टी20 विश्वकप 2021 की टीम में शामिल कर उन पर बहुत बड़ा उपकार किया है। उस पर उनका इस तरह का बयान देना सही नहीं, उन्हें ज्यादा समझदारी भरे बयान देने की जरूरत है। आपको इस बात के लिये धन्यवाद देना चाहिये कि खराब फिटनेस की दिक्कतों के बावजूद उन्होंने आपको खेलने का मौका दिया।'

अहमदाबाद के कप्तान बनें हार्दिक पांड्या
गौरतलब है कि हार्दिक पांड्या को हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के लिये अहमदाबाद की टीम ने अपने खेमे में शामिल किया है। अहमदाबाद की टीम ने 15 करोड़ रुपये में हार्दिक पांड्या को अगले सीजन के लिये शामिल किया है और उन्हें टीम का कप्तान भी बना दिया है। उनके अलावा राशिद खान को भी 15 करोड़ और शुबमन गिल को 7 करोड़ रुपये की रकम में शामिल किया है। आपको बता दें कि यह पहला मौका होगा जब हार्दिक पांड्या टीम की कप्तानी करते नजर आयेंगे।












Click it and Unblock the Notifications