कोहली या जायसवाल? रोहित के साथ कौन करेगा ओपनिंग, दिग्गज ने बताया नाम
T20 World Cup 2024 Rohit Sharma: 5 जून को आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम को टी-20 वर्ल्ड कप का पहला मुकाबला खेलना है। इस मुकाबले से पहले वॉर्म अप मैच में भारतीय टीम बांग्लादेश से भिड़ने वाली है। यूएस और वेस्टइंडीज में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम को फेवरेट बताया जा रहा है। पिछले कुछ सालों से भारतीय टीम का आईसीसी टूर्नामेंट में प्रदर्शन निराशाजनक ही रहा है। साल 2013 में भारत ने आखिरी बार आईसीसी ट्रॉफी जीतने में कामयाबी हासिल की थी।
भारत को ट्रॉफी की तलाश
ऐसे में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम की कोशिश इस साल टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम करने की होगी। पिछले साल यानी साल 2023 में वनडे वर्ल्ड कप के दौरान भी भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था। भारतीय टीम ने अपने घरेलू परिस्थितियों में जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। लगातार 9 मैच जीतकर भारतीय टीम ने फाइनल में जगह बनाई थी।

कौन होगा रोहित का जोड़ीदार
हालांकि फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। टी-20 वर्ल्ड कप के शुरुआती मैच से ही भारतीय टीम एक मजबूत प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरना चाहेगी। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर भारतीय टीम किस ओपनिंग जोड़ी के साथ टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी। भारत के पास रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल का विकल्प मौजूद है। लेकिन कुछ दिग्गजों का मानना है कि विराट कोहली को भी टी-20 फॉर्मेट में बतौर ओपनर इस्तेमाल किया जा सकता है।
कोहली या जायसवाल किसे मिलेगा मौका
ऐसे में भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना ने इस पर अपनी राय दी है। साल 2007 टी-20 वर्ल्ड कप विजेता टीम में शामिल रहे सुरेश रैना ने कहा विराट कोहली को नंबर तीन पर ही बैटिंग करना चाहिए। वहीं यशस्वी जायसवाल को रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करनी चाहिए। सुरेश रैना ने एक इंटरव्यू में बताया कि वह विराट कोहली को नंबर तीन पर ही खेलते हुए देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जायसवाल अच्छी फार्म में हैं और उन्हें उम्मीद है कि वह बतौर ओपनर टी-20 वर्ल्ड कप में अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहेंगे।
भारतीय टीम
टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।












Click it and Unblock the Notifications