SRH vs GT: हैदराबाद-गुजरात मैच बारिश के कारण रद्द, प्लेऑफ में पहुंची SRH, CSK-RCB की उम्मीदें भी जिंदा
Sunrisers Hyderabad vs Gujarat Titans Match: गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल 2024 का 66वां मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। गुजरात टाइटंस का यह लगातार दूसरा मैच है जो बारिश के कारण नहीं हो पाया। इसके साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। बारिश के कारण दोनों ही टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा।
हैदराबाद बनी तीसरी टीम
इस सीजन प्लेऑफ में पहुंचने वाली सनराइजर्स हैदराबाद तीसरी टीम बन गई है। हैदराबाद से पहले कोलकाता और राजस्थान की टीम ने प्लेऑफ में अपनी जगह बना ली है। सनराइजर्स हैदराबाद प्वाइंट्स टेबल में अब तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। इस सीजन सनराइजर्स हैदराबाद को एक मुकाबला और खेलना है। अगर हैदराबाद की टीम उसे जीतने में कामयाब हो जाती है तो वह टॉप टू में अपने सफ़र को खत्म कर सकेगी। अगर ऐसा होता है तो हैदराबाद के पास फाइनल में पहुंचने के दो मौके होंगे।

आरसीबी-चेन्नई मैच पर नजर
इस मैच के रद्द होने से रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स टीम को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, इन दोनों टीमों के पास अभी प्लेऑफ में पहुंचने का मौका था। लेकिन इस मुकाबले के रद्द होने के साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स में से कोई एक टीम ही अब प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सकेगी। चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल का यह मुकाबला 18 मई को खेला जाएगा।
चेन्नई की स्थति बेहतर
बेंगलुरु की शुरुआत आईपीएल में बेहद खराब रही थी। लेकिन पिछले पांच मुकाबले को जीतने के साथ ही आरसीबी की उम्मीदें प्लेऑफ के लिए अभी भी बरकरार है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व कप्तान विराट कोहली शानदार फॉर्म में दिखाई दे रहे हैं। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने टूर्नामेंट का आगाज शानदार तरीके से किया था। लेकिन बीच के कुछ मुकाबले को गंवाने की वजह से चेन्नई के लिए भी 18 मई को होने वाला मुकाबला करो या मरो का बन गया है।












Click it and Unblock the Notifications