'नहीं चाहिए DJ और डांस,' IPL के रीस्टार्ट को लेकर गावस्कर का साफ संदेश, बोले- अपनों को खोने वालों का दर्द समझो
भारत-पाक सीमा पर हालिया तनाव और पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत के बाद आईपीएल 2025 फिर से शुरू तो हो रहा है, लेकिन इस बार माहौल वैसा नहीं होगा जैसा पहले था। बीसीसीआई ने 17 मई से टूर्नामेंट को दोबारा शुरू करने का ऐलान किया है, लेकिन देश के माहौल को देखते हुए पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने एक सीधा और भावनात्मक संदेश दिया है।
बीसीसीआई ने पिछले शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान जारी किया जिसमें कहा गया, 'इस मुश्किल घड़ी में बीसीसीआई राष्ट्र के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। हम भारत सरकार, हमारी सेनाओं और देश की जनता के साथ एकजुटता व्यक्त करते हैं।'

गावस्कर ने IPL आयोजकों से की खास अपील
स्पोर्ट्स टुडे से बातचीत में गावस्कर ने कहा कि,'ये टूर्नामेंट अब अपने आखिरी कुछ मैचों की तरफ बढ़ रहा है। करीब 60 मुकाबले हो चुके हैं और अब सिर्फ 15-16 बचे हैं। मैं दिल से चाहता हूं कि इस दौर में आईपीएल से जुड़ी तमाम तमाशाबाजी बंद हो जाए। सिर्फ क्रिकेट खेला जाए। कोई डांसिंग गर्ल्स नहीं चाहिए न बीच ओवरों में डीजे की आवाज गूंजे। क्राउड जरूर हो, लेकिन शोर-शराबा नहीं।'
टूर्नामेंट को सम्मानजनक तरीके से खत्म करने का समय
उन्होंने आगे कहा कि, 'अब वक्त है टूर्नामेंट को एक सम्मानजनक तरीके से खत्म करने का। जिन परिवारों ने हालिया हमलों में अपने अपने लोगों को खोया है, उनके जज़्बातों का सम्मान करना जरूरी है और इसके लिए सबसे बेहतर तरीका यही है कि बस क्रिकेट हो तालियां हों और बाकी सब चीजें बंद होनी चाहिए'
9 मई को जब पाकिस्तान ने भारत की सीमाओं पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, तब लीग को बीच में रोक दिया गया था। हालांकि भारतीय सेना ने इन हमलों को विफल कर दिया, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टूर्नामेंट को अस्थायी तौर पर सस्पेंड कर दिया गया।
17 मई से फिर शुरू होगा IPL, बेंगलुरु में होगा पहला मुकाबला
अब 17 मई को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स के मुकाबले के साथ आईपीएल फिर शुरू होगा। टूर्नामेंट का फाइनल 3 जून को खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications