प्रैक्टिस मैच में Team India के लिए बनाए सबसे ज्यादा रन, फिर भी नहीं मिलेगा प्लेइंग-XI का टिकट
दरअसल, भारत और लीसेस्टशायर के बीच काउंटी क्रिकेट ग्राउंड पर 4 दिवसीय प्रैक्टिस मैच खेला जा रहा है। जहां पहली पारी में टीम इंडिया लड़खड़ाती हुई नजर आई, लेकिन एक खिलाड़ी ऐसा था जिसने खूब सुर्खियां बटोरीं।

स्पोर्ट्स डेस्क: 1 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर उतरने से पहले भारतीय टीम एक्शन में आ गई है। दरअसल, भारत और लीसेस्टशायर के बीच काउंटी क्रिकेट ग्राउंड पर 4 दिवसीय प्रैक्टिस मैच खेला जा रहा है। जहां पहली पारी में टीम इंडिया लड़खड़ाती हुई नजर आई, लेकिन एक खिलाड़ी ऐसा था जिसने खूब सुर्खियां बटोरीं। हम बात कर रहे हैं, विकेटकीपर-बल्लेबाज श्रीकर भरत (Srikar Bharat) की.... पहली पारी में उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए 111 गेंदों पर 70 रन की नाबाद पारी खेली। इस पारी में उनके बल्ले से 8 चौके और एक छक्का देखने को मिला।

अहम समय पर आई पारी
श्रीकर भरत की ये पारी उस समय आई जब रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय टीम मुश्किल हालात में थी। भरत जब बैटिंग के लिए तब टीम का स्कोर 81/5 था। इसके बाद पहले उन्होंने पूर्व कप्तान विराट कोहली (33) के साथ मिलकर छठवें विकेट के लिए 57 रन जोड़े। फिर आठवें विकेट के लिए उमेश यादव (23) के साथ 66 रन की साझेदारी निभाई। भरत ने मोहम्मद शमी के साथ भी 9वें विकेट के लिए नाबाद 32 रन की साझेदारी निभाई। भरत शतक लगा सकते थे, लेकिन दूसरे दिन भारत ने अपनी पहली पारी को 246/8 के स्कोर पर घोषित कर दिया।
Recommended Video

दूसरी पारी में भी बोला बल्ला
श्रीकर भरत ने दूसरी पारी में भी बढ़िया खेल दिखाया। इस बार वह कप्तान रोहित शर्मा की जगह ओपनिंग के लिए आए और 98 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 43 रन की पारी खेली। पूरे मुकाबले में भरत के बल्ले से भारत की ओर से सबसे ज्यादा 113 रन देखने को मिले, लेकिन फिर भी उनको प्लेइंग-11 में मौका मिलने की संभावना ना के बराबर है।

क्यों नहीं मिलेगा मौका
दरअसल, श्रीकर भरत एक विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और टीम के पास पहले से इस पोजीशन के लिए ऋषभ पंत मौजूद हैं। इसी प्रैक्टिस मैच में लीसेस्टशायर की ओर से खेलते हुए पंत ने पहली पारी में शानदार खेल भी दिखाया। उन्होंने केवल 87 गेंदों पर आक्रामक 76 रन की पारी खेली। पंत के अलावा अन्य किसी स्थान पर भी भरत की जगह नहीं बनती। ओपनिंग में कप्तान रोहित शर्मा के अलावा शुभमन गिल को देखा जा सकता है और नंबर 3 पर चेतेश्वर पुजारा नजर आ सकते हैं। वहीं, नंबर 5 के लिए भी श्रेयस अय्यर और हनुमा विहारी पहले से दो मजबूत दावेदार मौजूद हैं।

घरेलू क्रिकेट में बरसाते हैं रन
28 वर्षीय श्रीकर भरत आंद्रप्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। अभी तक खेले 79 फर्स्ट क्लास मैचों में वह 36.65 की औसत से कुल 4289 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 9 शतक और 24 अर्धशतक देखने को मिले। बता दें कि, भरत को ऋद्धिमान साहा को ड्रॉप किए जाने के बाद टीम इंडिया में दूसरे विकेटकीपर के तौर पर देखा जा रहा है।

1 जुलाई से होगा टेस्ट मैच
भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट 1 जुलाई से एजबेस्टन, बर्मिंघम के मैदान पर खेला जाएगा। याद दिला दें कि, यह मुकाबला पिछले साल भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का ही हिस्सा हैं। 2021 में ये आखिरी टेस्ट मैनचेस्टर में खेला जाना था, लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण मैच को स्थगित करना पड़ा। अब ये मैच 1 जुलाई से होगा। इस सीरीज में भारत 2-1 से आगे हैं और टीम इंडिया ये मैच जीत जाती है या मुकाबला ड्रॉ पर भी खत्म होता है, तो 2007 के बाद भारत पहली बार इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीतेगा।












Click it and Unblock the Notifications