SA vs BAN: रबाडा के पंजे में फंसा बांग्लादेश, 7 विकेट से जीत कर सीरीज में की वापसी
नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका दौरे पर 3 मैचों की सीरीज खेलने पहुंची बांग्लादेश की टीम ने बड़ा उलटफेर करते हुए पहले मैच में 38 रनों की जीत हासिल की और पहली बार साउथ अफ्रीका को इस प्रारूप में हराने का कारनामा किया। इस जीत के बाद बांग्लादेश की टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली और उसे उम्मीद थी कि वो सीरीज के दूसरे मैच में भी जीत की लय को बरकरार रख पहली बार श्रृंखला जीतने का कारनामा भी करेगी। हालांकि रविवार को जोहान्सबर्ग के मैदान पर खेले गये दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने बांग्लादेश के प्लान पर पानी फेर दिया।

बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और खराब शुरुआत के बाद अफीफ हुसैन (72), महमदुल्लाह (25) और मेंहदी हसन (38) ने शानदार प्रदर्शन कर टीम को मुश्किल से बाहर निकाला और निर्धारित 50 ओवर्स में 9 विकेट खोकर 194 रन बनाये। बांग्लादेश के लिये इन तीन खिलाड़ियों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहांई के आंकड़े को पार नहीं कर सका।
और पढ़ें: शेन वॉर्न को याद कर भावुक हुए शोएब अख्तर, बताया क्या दी थी फिरकी किंग ने सलाह
वहीं पर साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वनडे करियर का दूसरा 5वां विकेट हॉल अपने नाम किया। कगिसो रबाडा ने 10 ओवर में 39 रन देकर 5 विकेट हासिल किये। वहीं पर लुंगी एंगिडी ने 10 ओवर गेंदबाजी कर 34 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
195 रनों का पीछा करते हुए जानेमन मलान (26), क्विंटन डिकॉक (62) ने जबरदस्त तरीके से पारी का आगाज किया और पहले विकेट के लिये 86 रन जोड़ डाले। मेंहदी हसन ने मलान को बोल्ड कर साउथ अफ्रीका को पहला झटका दिया। वहीं शाकिब अल हसन ने क्विंटन डिकॉक का विकेट लेकर दूसरा झटका दिया। यहां से काइल वरनैन (58) ने कप्तान टेंबा बावुमा (37) के साथ फिर से पारी को संभाला और 86 रनों की साझेदारी कर डाली।
और पढ़ें: पिंक बॉल टेस्ट में इस्तेमाल की गई बेंगलुरू की पिच को लगा झटका, ICC ने की बड़ी कार्रवाई
अफीफ हुसैन ने साझेदारी को तोड़ने का कारनामा किया लेकिन काइल वरनैन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रख कर मैच को 37.2 ओवर्स में ही खत्म कर दिया और 7 विकेट से जीत हासिल की। कगिसो रबाडा के शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। अब सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 23 मार्च को सुपरस्पोर्ट पार्क के मैदान पर सेंचुरियन में खेला जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications