कोहली के बाद कौन बन सकता है भारतीय टीम का अगला टेस्ट कप्तान, गांगुली ने दिया बड़ा बयान

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के लिये पिछले कुछ महीने काफी उथल-पुथल भरे रहे हैं, जिसकी वजह से फिलहाल भारतीय टीम थोड़ी असहज स्थिति में नजर आ रही है। पिछले महीने विराट कोहली के टेस्ट प्रारूप की कमान छोड़ने के बाद से ही भारतीय खेमे में उथल-पुथल मची हुई है, जिसको लेकर बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने बड़ा बयान दिया है। इस उथल-पुथल की शुरुआत टीम मैनेजमेंट के बदलाव के साथ शुरू हुई, जिसके तहत पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री वाली टीम का कार्यकाल 2021 के टी20 विश्वकप के साथ ही खत्म हो जाना था। इसको देखते हुए सभी को विराट-शास्त्री की जोड़ी से एक बेहतरीन टूर्नामेंट की उम्मीद थी। हालांकि भारत के खराब कैंपेन से पहले ही विराट कोहली ने टी20 प्रारूप की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर सभी को चौंका दिया, लेकिन इस दौरान कोहली ने साफ किया कि वो वनडे और टेस्ट प्रारूप में टीम की कमान संभालना जारी रखेंगे।
और पढ़ें: U19 WC 2022: जानें फाइनल से पहले कोहली से क्या मिली सलाह, कप्तान यश धुल ने किया खुलासा
उल्लेखनीय है कि टी20 विश्वकप के दौरान भारतीय टीम को पहले दो मैचों में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा जिसके बाद टीम सुपर लीग स्टेज से ही बाहर हो गई। भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन के बाद चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा को पहले टी20 टीम की कमान सौंपी और साउथ अफ्रीका दौरे से पहले वनडे टीम की कमान भी सौंप दी। वनडे प्रारूप की कप्तानी से हटाये जाने के बाद जब विराट कोहली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की तो काफी विवाद देखने को मिला लेकिन बोर्ड ने साफ किया कि वो स्प्लिट कैप्टेंसी के फॉर्मूले पर काम करना चाहती है और इसी वजह से वह सीमित ओवर्स प्रारूप में रोहित शर्मा और टेस्ट प्रारूप में विराट कोहली को टीम की कमान देना जारी रखेंगे।

अब तक कप्तानी में फ्लॉप रहे हैं केएल राहुल
हालांकि जब टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा तो पैरों तले जमीन खिसका देने वाली खबर आयी, जिसके अनुसार विराट कोहली ने टी20, वनडे के बाद अब टेस्ट से भी टीम की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया। कोहली का यह फैसला काफी चौंकाने वाला रहा क्योंकि वह भारत के सबसे सफल और दुनिया के तीसरे सबसे सफल कप्तान रहे हैं और उनकी कप्तानी में टीम ने कई यादगार जीत हासिल की। विराट कोहली अभी कम से कम 3 सालों तक टेस्ट में टीम का नेतृत्व कर सकते थे लेकिन उनकी ओर से अचानक लिये इस फैसले ने चयनकर्ताओं की परेशानी बढ़ा दी।
इस दौरान टीम में उपकप्तान की जिम्मेदारी संभाल रहे केएल राहुल को अगले टेस्ट कप्तान के रूप में देखा जा रहा था लेकिन जिस तरह से उन्होंने साउथ अफ्रीका दौरे पर कप्तानी करते हुए (1 टेस्ट, 3 वनडे) सभी 4 मैचों में हार का सामना किया उसके बाद उन्हें टीम की कमान देना जल्दबाजी नजर आ रहा है। इसकी वजह से अब रोहित शर्मा तीनों प्रारूप में टीम की कमान संभालते नजर आ रहे हैं।

कोहली के उत्तराधिकारी पर गांगुली ने दिया बयान
इस बीच बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने विराट कोहली के उत्तराधिकारी और भारतीय टेस्ट टीम के नये कप्तान को लेकर बड़ी अपडेट दी है। कोहली का कार्यकाल समाप्त होने के बाद गांगुली ने बताया है कि वो अगले कप्तान के नाम का ऐलान होने से पहले किस तरह के खिलाड़ी की तलाश कर रहे हैं। जब गांगुली से कोहली के उत्तराधिकारी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने चुप्पी साधे रखी लेकिन जब किस तरह के कप्तान की बात की गई तो उन्होंने अपनी राय दी।
उन्होंने कहा,' जाहिर सी बात है कि कप्तानी को लेकर हमारे कुछ मापदंड रखे गये हैं, जिन्हें काफी अध्य्यन के बाद तैयार किया गया है और जो भी इन मापदंडों पर खरा उतरेगा वही भारतीय टीम का अगला कप्तान बनेगा। मेरा मानना है कि चयनकर्ताओं के दिमाग में कोई नाम जरूर है, जिसे लेकर वो ऑफिस बीयर्रस, अध्यक्ष और सचिव के साथ बात करेंगे और हम समय आने पर उनके नाम का ऐलान भी कर देंगे।'

रोहित ने की है कप्तानी की शानदार शुरुआत
गौरतलब है कि टी20 प्रारूप में कप्तानी संभालने के बाद रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड को घर पर खेली गई टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया लेकिन साउथ अफ्रीका दौरे पर जाने से पहले उन्हें हैमस्ट्रिंग हो गई और वो दौरे पर नहीं जा सके। वनडे सीरीज से पहले रोहित शर्मा फिट नहीं हो सके जिसकी वजह से राहुल को कप्तानी संभालनी पड़ी। ऐसे में अब रोहित शर्मा वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के साथ नियमित रूप से वनडे प्रारूप की कप्तानी संभालते नजर आयेंगे। भारत के लिये यह उसका 1000वां वनडे मैच होगा जिसे जीतकर रोहित शर्मा बेहद खास बनाने की तैयारी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications