U19 WC 2022: जानें फाइनल से पहले कोहली से क्या मिली सलाह, कप्तान यश धुल ने किया खुलासा

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले जा रहे अंडर 19 विश्वकप टूर्नामेंट का फाइनल मैच शनिवार को एंटिगुआ के सर विवियन रिचर्डस स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड की टीमों के बीच खेला जायेगा। जहां पर इंग्लैंड की टीम 24 साल बाद इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है तो वहीं पर भारतीय टीम ने लगातार चौथी और ओवरऑल 8वीं बार फाइनल में जगह बनायी है। इस मौके पर भारतीय टीम इंग्लैंड को मात देकर 5वीं बार यह खिताब अपने नाम करने की ओर देख रही है, तो वहीं पर इंग्लैंड की टीम भी 24 सालों के सूखे को खत्म करने की तैयारी कर रही है। दोनों ही टीमों के लिये यह टूर्नामेंट अब तक अजेय रहा है और दोनों ने ही एकतरफा अंदाज से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनायी है।
अंडर 19 विश्वकप के इतिहास में भारत ने सबसे ज्यादा 4 खिताब अपने नाम किये हैं, जिसमें से एक खिताब 2008 में विराट कोहली की कप्तानी में आया था। इसी को देखते हुए फाइनल मैच से पहले पूर्व कप्तान विराट कोहली ने यश धुल की कप्तानी वाली भारतीय टीम के साथ बात की जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, हालांकि इस वीडियो कॉल के दौरान कोहली ने खिलाड़ियों से क्या बात की इस बारे में किसी को पता नहीं था, लेकिन अब शनिवार को खुद कप्तान यश धुल ने खुलासा किया कि इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मैच से पहले विराट कोहली से उन्हें क्या सलाह मिली है।

फाइनल से पहले कोहली से मिली यह सलाह
शनिवार को बात करते हुए यश धुल ने बताया कि विराट कोहली से जूम कॉल पर बात करने के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ियों को मनोबल काफी बढ़ गया है और टीम काफी अच्छी मनोस्थिति में नजर आ रही हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए धुल ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया पर मिली जीत के बाद विराट कोहली से हुई बातचीत का खुलासा किया।
उन्होंने कहा,'विराट कोहली ने हमें फाइनल मैच को लेकर अपनी शुभकामनायें दी। जब भी कोई सीनियर खिलाड़ी आपसे बात करता है तो इससे आपके आत्मविश्वास और मनोबल में वृद्धि होती है और हमारे साथ भी वही हुआ है। उन्होंने हमें हमारे प्लान को मैदान पर लागू कैसे करना है इस बारे में बताया और गेम के बेसिक्स की जानकारी दी। उनके साथ बात करना हमारे लिये बेहद शानदार अनुभव रहा।'

अपनी फॉर्म को फाइनल में भी जारी रखेंगे
उल्लेखनीय है कि अंडर 19 विश्वकप 2022 के टूर्नामेंट में भारत की अजेय दौड़ जारी है, जिसमें उसने ग्रुप बी में खेले गये सभी मैचों में जीत हासिल करने के बाद डिफेंडिंग चैम्पियन बांग्लादेश को क्वार्टरफाइनल में हराया तो वहीं पर ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में 96 रनों से मात देकर 2016 के बाद से लगातार चौथी बार फाइनल में जगह बनायी।
धुल ने फाइनल मैच को लेकर कहा,'टीम का मनोबल काफी ऊँचा है और सभी टूर्नामेंट के फाइनल मैच को लेकर उत्साहित हैं। हमने एक सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत की थी। इंग्लैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ काफी करीबी मैच खेला था और उसी को देखते हुए हम अपने गेम प्लान तैयार करेंगे। हम अपनी फॉर्म को फाइनल में भी बरकरार रखने की कोशिश करेंगे। हमारे स्पिनर्स शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और हम अपने प्लान को लागू करने की कोशिश करेंगे।'

हर कोई अपना 100 प्रतिशत देने को तैयार
कप्तान यश धुल ने आगे बात करते हुए कहा कि फाइनल मैच में हर कोई अपना 100 प्रतिशत देने को तैयार है। हम फाइनल मैच में एक सकारात्मक सोच के साथ उतरेंगे। हम यहां पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिये आये हैं। हमें अब ज्यादा अनुभव हो गया है और हमें समय की कदर पता है। हम जानते हैं कि बड़े मैचों से पहले किस तरह से मानसिक रूप से तैयारी करनी होती है। टूर्नामेंट के दौरान हमने काफी कुछ सीखा है, हम जानते हैं कि दबाव को कैसे हैंडल करना है जिसकी वजह से हमारा खेल भी काफी सुधर गया है।












Click it and Unblock the Notifications