U19 WC 2022 के फाइनल में जानें किसका पलड़ा रहेगा भारी, किस फॉर्म में चल रहे हैं भारत-इंग्लैंड के खिलाड़ी

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेला जा रहा अंडर 19 विश्वकप टूर्नामेंट अब अपने आखिरी चरण में पहुंच चुका है, जहां पर खिताबी विजेता का पता चलने में बस एक ही मैच बाकी रह गया है। इस खिताबी मुकाबले में भारत की अंडर 19 टीम का सामना इंग्लैंड से होना है जिसमें दोनों ही टीमें खिताब जीतने की ओर देखेंगी। जहां पर भारतीय टीम अपने 8वें फाइनल मैच में 5वां खिताब जीतने की ओर देख रही होगी, तो वहीं पर इंग्लैंड की टीम 24 साल के सूखे को खत्म करने की ओर देख रही होगी। इंग्लैंड की अंडर 19 टीम ने आखिरी बार 1998 में साउथ अफ्रीका की मेजबानी में खेले गये विश्वकप में जीत हासिल की थी, जिसके बाद वो 24 सालों तक टूर्नामेंट के फाइनल में भी नहीं पहुंच सकी है।
वहीं भारतीय टीम के लिये यह लगातार चौथा साल है जिसमें वो फाइनल में पहुंची हैं, जिसके ट्रेंड की बात करें तो उसे पहले फाइनल में हार , दूसरे में जीत और फिर तीसरे में हार मिली है। ट्रेंड के हिसाब से फैन्स इस बात से खुश हो सकते हैं कि यह साल उनके लिये जीत वाला है। एंटिगुआ के सर विवियन रिचर्डस स्टेडियम में खेले जाने वाले फाइनल मैच में भले ही भारत जीत की पसंदीदा टीम रहेगी लेकिन एक नजर दोनों टीमों के आंकड़ों और रिकॉर्डस पर डालते हैं जो बतायेगा कि असल में किसका पलड़ा भारी है।
और पढ़ें: ऑस्ट्रेलियाई टीम के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने अचानक दिया इस्तीफा, अब इस दिग्गज को मिली कमान

जानें कैसा रहा है टूर्नामेंट में अब तक का सफर
वेस्टइंडीज में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट की बात करें तो भारत और इंग्लैंड की टीमों ने एकतरफा दबदबा बनाते हुए फाइनल का सफर तय किया है, जहां पर इंग्लैंड की टीम ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराकर कैंपेन का आगाज किया तो वहीं पर कनाडा (106 रन), यूएई (189) और साउथ अफ्रीका (क्वार्टरफाइनल 6 विकेट) को भी एकतरफा तरीके से हराया। इंग्लैंड के लिये एकमात्र जीत जो संघर्ष के बाद आयी है वो थी अफगानिस्तान के खिलाफ खेला गया सेमीफाइनल मैच जिसमें वो लो स्कोरिंग मैच में 15 रन से मैच बचाने में कामयाब हुई थी।
वहीं भारत की बात करें तो उसने अब तक खेले गये सभी मैचों में एकतरफा जीत ही हासिल की है। भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 45 रन की जीत के साथ कैंपेन का आगाज किया लेकिन दूसरे मैच से पहले उसके 6 खिलाड़ी कोरोना संक्रमित हो गये। इसके बावजूद भारतीय टीम ने आयरलैंड के खिलाफ 174 रन, युगांडा के खिलाफ 326 रन, बांग्लादेश के खिलाफ 5 विकेट (क्वार्टरफाइनल) और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 96 रन (सेमीफाइनल) से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनायी।

हेड टू हेड में किसका पलड़ा भारी
अंडर 19 क्रिकेट में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गये मुकाबलों की बात करें तो ओवरऑल आंकड़ों में भारतीय टीम का पलड़ा भारी नजर आता है लेकिन आखिरी 3 मैचों में इंग्लैंड की टीम ने 2 बार जीत हासिल कर चिंताजनक स्थिति जरूर पैदा की है। दोनों टीमें अंडर 19 वनडे मैचों में 49 बार एक दूसरे से भिड़ चुकी हैं, जिसमें से 37 बार भारत ने तो वहीं पर 11 बार इंग्लैंड को जीत मिली है। इस दौरान दोनों टीमें 8 बार अंडर 19 विश्वकप के दौरान भिड़ी हैं, जिसमें भारतीय टीम को 6 बार जीत मिली है तो इंग्लैंड सिर्फ 2 बार ही बाजी अपने नाम कर सका है।

पिछले 5 मैचों में किसका पलड़ा रहा भारी
दोनों टीमों के बीच हाल ही में खेले गये पिछले 5 मुकाबलों की बात करें तो भारतीय टीम का पलड़ा भारी नजर आता है जिसने 3 मैचों में जीत हासिल की है, तो वहीं पर इंग्लैंड को 2 मैचों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच आखिरी मुलाकात 2019 में खेली गई अंडर 19 त्रिकोणीय सीरीज के दौरान हुई थी जिसमें 4 बार दोनों एक दूसरे के सामने उतरे थे। इस सीरीज में भारतीय टीम ने पहले मैच में 5 विकेट से जीत हासिल की थी, तो वहीं पर इंग्लैंड ने दूसरे मैच में भारत को 5 विकेट से हराया था। भारतीय टीम ने तीसरे मैच में एक विकेट से मैच को जीता था तो वहां पर आखिरी मैच में इंग्लैंड ने डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 8 विकेट से हराया था। इससे पहले 2017 के अंडर-19 दौरे पर दोनों टीमें जब भिड़ी थी तो भारत ने इंग्लैंड को 1 विकेट से मात दी थी।

आखिरी 5 मुकाबलों के नतीजे
इंग्लैंड में 2019 त्रिकोणीय राष्ट्र अंडर -19 टूर्नामेंट: इंग्लैंड (214/2) ने भारत (278/8) को डी/एल पद्धति से 8 विकटों से हराया।
इंग्लैंड में 2019 ट्राई-नेशन अंडर-19 टूर्नामेंट: भारत (205/9) ने इंग्लैंड (204) को 1 विकट से हराया।
इंग्लैंड में 2019 त्रिकोणीय राष्ट्र अंडर-19 टूर्नामेंट: इंग्लैंड (257/5) ने भारत (256/6) को 5 विकटों से हराया।
इंग्लैंड में 2019 ट्राई-नेशन अंडर-19 टूर्नामेंट: भारत (205/5) ने इंग्लैंड (204) को 5 विकट से हराया।
2017 भारत अंडर-19 का इंग्लैंड दौरा: भारत (226/9) ने इंग्लैंड (222/9) को 1 विकेट से हराया।












Click it and Unblock the Notifications