ICC ODI Ranking: टीम इंडिया की 'रन मशीन' का नया धमाल! स्मृति मंधाना अब वर्ल्ड नंबर 1 से सिर्फ एक कदम दूर
ICC Women's ODI Batting Rankings: भारत की स्टाइलिश ओपनर स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) एक बार फिर दुनिया की नंबर 1 महिला ODI बल्लेबाज बनने के बेहद करीब पहुंच गई हैं। श्रीलंका में हुई ट्राई सीरीज (Tri-Nation Series) में जबरदस्त प्रदर्शन के बाद उन्होंने ICC की वनडे रैंकिंग में एक पायदान की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। अब वो साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट (Laura Wolvaardt) से सिर्फ 11 रेटिंग पॉइंट पीछे हैं ।
मंधाना ने श्रीलंका और साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच पारियों में 264 रन ठोके, जिनमें फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई 116 रन की पारी (101 गेंदों पर) सबसे शानदार रही। उनकी इस धुआंधार बल्लेबाजी ने भारत को सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई और उन्हें दुनिया की टॉप बैटर की रेस में फिर से ला खड़ा किया।

लौरा वोल्वार्ट की पकड़ ढीली, मंधाना के करीब पहुंचीं
जहां मंधाना पूरे टूर्नामेंट में छाई रहीं, वहीं नंबर 1 पर काबिज लौरा वोल्वार्ट केवल 86 रन ही बना सकीं। ऐसे में उनके और मंधाना के बीच का फासला अब सिर्फ 11 रेटिंग पॉइंट का रह गया है।
चमारी, जेमिमा और ट्रायन ने भी लगाई छलांग
श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए दो स्थान ऊपर आकर 7वें स्थान पर कब्जा जमा लिया है। भारत की जेमिमा रोड्रिग्ज को भी फायदा मिला है- वो 5 स्थान ऊपर चढ़कर अब 15वें नंबर पर पहुंच गई हैं। वहीं साउथ अफ्रीका की क्लोए ट्रायन भी 9 पायदान ऊपर चढ़कर 18वें स्थान पर पहुंची हैं।
स्नेह राणा बनीं सीरीज की हीरो, बॉलिंग रैंकिंग में शानदार छलांग
भारतीय स्पिनर स्नेह राणा ने 15 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता और बॉलिंग रैंकिंग में 4 स्थान की छलांग लगाकर 34वें नंबर पर पहुंच गईं। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन अभी भी बॉलिंग में नंबर 1 पर बरकरार हैं।
ऑलराउंडर रैंकिंग में भी भारत की दीप्ति चमकीं
ऑस्ट्रेलिया की ऐश गार्डनर ऑलराउंडर लिस्ट में टॉप पर बनी हुई हैं, लेकिन भारत की दीप्ति शर्मा ने एक पायदान की छलांग लगाते हुए 5वें स्थान पर जगह बना ली है। साउथ अफ्रीका की नाडीन डी क्लर्क और ट्रायन ने भी ऑलराउंडर रैंकिंग में सुधार किया है।












Click it and Unblock the Notifications