स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, 10 साल में चौथी टीम में मिली एंट्री, ऐसा करने वाली बनीं पहली भारतीय
Smriti Mandhana joins Adelaide Strikers: भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना को आगामी महिला बिग बैश लीग (WBBL) सीजन के लिए एडिलेड स्ट्राइकर्स ने साइन किया है। WBBL में यह उनकी चौथी टीम है, इससे पहले वह ब्रिसबेन हीट, होबार्ट हरिकेंस और सिडनी थंडर के लिए खेल चुकी हैं। नीलामी से पहले प्री-ड्राफ्ट में यह साइनिंग हुई।
ऑस्ट्रेलिया में फिर से खेलने पर जताई खुशी
मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया में फिर से खेलने को लेकर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा ऑस्ट्रेलिया में खेलने के लिए उत्सुक रहती हूं और स्ट्राइकर्स जैसी बेहतरीन टीम में योगदान देने के अवसर को लेकर उत्साहित हूं। उन्होंने ल्यूक विलियम्स के साथ जुड़ने पर खुशी व्यक्त की है। ल्यूक विलियम्स ने भारत की महिला प्रीमियर लीग में आरसीबी के साथ अपने सफल कार्यकाल के दौरान उन्हें कोचिंग दी थी।

एडिलेड स्ट्राइकर्स का WBBL में शानदार रिकॉर्ड
एडिलेड स्ट्राइकर्स का WBBL में शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने दो बार खिताब जीता है। उन्होंने आठवें सीजन के फाइनल में सिडनी सिक्सर्स को 10 रन से हराकर अपना पहला खिताब जीता था। नौवें सीजन में उन्होंने ब्रिसबेन हीट के खिलाफ अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया। अब टीम का लक्ष्य आगामी 10वें सीजन में खिताब की हैट्रिक अपने नाम करना है।
ल्यूक विलियम्स ने किया मंधाना का स्वागत
एडिलेड स्ट्राइकर्स के कोच ल्यूक विलियम्स ने मंधाना के टैलेंट की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि स्मृति मंधाना में प्रतिभा है। हम स्ट्राइकर्स में उनका स्वागत करते हुए रोमांचित हैं। उनके पास अनुभव और तकनीक है। मैं खुद जानता हूं कि वह टीम और मैदान पर किस तरह का समर्पण और ऊर्जा लेकर आती हैं।
मंधाना का दमदार प्रदर्शन
मंधाना अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए मशहूर हैं। 2021 में सिडनी थंडर के साथ खेलते हुए उन्होंने मेलबर्न रेनेगेड्स के खिलाफ़ 64 गेंदों पर नाबाद 114 रन बनाए, जो WBBL के इतिहास में संयुक्त रूप से दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। कुल मिलाकर उन्होंने अब तक लीग में 784 रन बनाए हैं।
स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास
WBBL के 10 साल के इतिहास में मंधाना ने अब तक चार अलग-अलग टीमों के साथ करार किया है। एडिलेड स्ट्राइकर्स में शामिल होने से पहले, वह 2016-17 में ब्रिस्बेन हीट, 2018-19 में होबार्ट हरिकेंस और 2021 में सिडनी थंडर के लिए खेल चुकी हैं। स्मृति मंधाना ने महिला बिग बैश लीग (WBBL) में प्री-ड्राफ्ट विदेशी अनुबंध पर हस्ताक्षर करने वाली पहली भारतीय बनकर इतिहास रच दिया है।












Click it and Unblock the Notifications