Shreyas Iyer vs Virat Kohli: श्रेयस तोड़ देंगे किंग कोहली का 'विराट' रिकॉर्ड! राजकोट वनडे में होगा बड़ा कमाल
Shreyas Iyer vs Virat Kohli: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज अब अपने निर्णायक मोड़ पर है। जहां टीम इंडिया की नजरें सीरीज जीतने पर हैं, वहीं स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं। राजकोट में होने वाले दूसरे वनडे में अय्यर के पास दिग्गज विराट कोहली और शिखर धवन को पछाड़कर एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा मौका है, जिसे हासिल करने में बड़े-बड़े धुरंधरों को सालों लग गए।
श्रेयस अय्यर ने वनडे में की शानदार वापसी (Shreyas Iyer vs Virat Kohli)
पिछले साल अक्टूबर से चोट के कारण मैदान से दूर रहे श्रेयस अय्यर ने वडोदरा वनडे में शानदार वापसी की। उन्होंने न केवल विराट कोहली के साथ 77 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की, बल्कि 49 रनों की आक्रामक पारी खेलकर यह साबित कर दिया कि उनमें रनों की भूख अभी खत्म नहीं हुई है। हालांकि वे अपने अर्धशतक से महज 1 रन से चूक गए, लेकिन उनकी बल्लेबाजी ने भारतीय मध्यक्रम को वह मजबूती दी जिसकी टीम को तलाश थी।

खतरे में विराट-धवन का रिकॉर्ड
श्रेयस अय्यर ने अब तक अपने वनडे करियर की 68 पारियों में 2,966 रन बना लिए हैं। अब उन्हें 3,000 रनों का आंकड़ा छूने के लिए केवल 34 रनों की दरकार है। अगर बुधवार को राजकोट के मैदान पर अय्यर यह कारनामा कर देते हैं, तो वे भारत के लिए वनडे में सबसे तेज 3,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। वर्तमान में यह रिकॉर्ड 'गब्बर' यानी शिखर धवन के नाम है, जिन्होंने 72 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था। वहीं, विराट कोहली को यहां तक पहुंचने के लिए 75 पारियां लगी थीं। अय्यर के पास अपनी 69वीं पारी में इन दोनों दिग्गजों से आगे निकलने का मौका है।
महान विव रिचर्ड्स की करेंगे बराबरी
सिर्फ भारतीय ही नहीं श्रेयस अय्यर विश्व क्रिकेट के सबसे बड़े नामों की कतार में भी शामिल हो सकते हैं। यदि वे अगले मैच में 34 रन बना लेते हैं, तो वे दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में शुमार सर विव रिचर्ड्स (69 पारी) की बराबरी कर लेंगे। वनडे इतिहास में सबसे तेज 3,000 रन बनाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला (57 पारी) के नाम है।
राजकोट में सीरीज पर कब्जा करने की तैयारी
शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने पहला वनडे 4 विकेट से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। पहले मैच में विराट कोहली की 93 रनों की पारी और अंत में केएल राहुल व हर्षित राणा की समझदारी ने भारत को जीत दिलाई। अब राजकोट में टीम इंडिया का लक्ष्य न केवल सीरीज जीतना होगा, बल्कि श्रेयस अय्यर के इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड का गवाह बनना भी होगा।












Click it and Unblock the Notifications