श्रेयस अय्यर ने किस पर फोड़ा टीम इंडिया की हार का ठीकरा? अगले मैच की रणनीति का भी किया खुलासा
वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में मिली हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने साफ कर दिया कि टीम कहां चूक गई। हैदराबाद में खेले गए मुकाबले में भारत को 24 रन से हार का सामना करना पड़ा। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 247 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 223 रन ही बना सकी। इस हार के साथ पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर हो गई।
मैच के बाद अय्यर ने गेंदबाजों के प्रदर्शन को हार की सबसे बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत गेंदबाजी से हुई। मुझे लगता है कि हम सही लाइन और लेंथ से गेंदबाजी नहीं कर पाए। जब आप 250 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहे होते हैं, तो आपको एक खास तरीके से आगे बढ़ना पड़ता है। मुझे रन चेज के दौरान हमारा अप्रोच पसंद आया लेकिन हम गेंदबाजी में अपनी योजनाओं को लागू नहीं कर सके और यहीं हम पीछे रह गए।

अय्यर के मुताबिक वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने परिस्थितियों को बेहतर तरीके से समझा। बीच के ओवरों में पिच पर गेंद रुककर आने लगी थी और कुछ गेंदों पर अतिरिक्त उछाल भी मिल रहा था। कैरेबियाई गेंदबाजों ने इसका फायदा उठाया और फील्डिंग का भी अच्छी तरह इस्तेमाल किया।
अभिषेक शर्मा को कम स्ट्राइक मिलने पर क्या बोले?
अय्यर ने अभिषेक शर्मा को शुरुआती ओवरों में कम स्ट्राइक मिलने को हार की वजह मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उस समय भी भारतीय टीम करीब 12 रन प्रति ओवर की गति से आगे बढ़ रही थी। भारतीय कप्वेतान ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को उनकी बेहतर रणनीति के लिए क्रेडिट दिया।
पांचवें टी20 के लिए क्या है रणनीति?
अय्यर ने संकेत दिया कि निर्णायक मुकाबले में भारत का आक्रामक अप्रोच नहीं बदलेगा। उनका मानना है कि टीम को ज्यादा सोचने के बजाय अपनी योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करना होगा और नए माइंडसेट के साथ मैदान पर उतरना होगा। भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का आखिरी टी20 मुकाबला 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में खेला जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications
