Shikhar Dhawan ने बताया अपना फ्यूचर प्लान, वर्ल्ड कप में दमदार बल्लेबाजी से बढ़ाएंगे देश की शान
भारतीय टीम के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) ने अपने क्रिकेट करियर के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। भारत की ओर से खेलते हुए शिखर धवन ने कई उपलब्धियों को हासिल किया है।
नई दिल्ली, 13 अगस्त। भारतीय टीम के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) ने अपने क्रिकेट करियर के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। भारत की ओर से खेलते हुए शिखर धवन ने कई उपलब्धियों को हासिल किया है। लेकिन यह भारतीय सलामी बल्लेबाज अब टीम के सिर्फ एक ही फॉर्मेट में खेलता दिखाई पड़ता है। टी-20 और टेस्ट टीम से बाहर होने के बाद शिखर धवन ने अपना पूरा फोकस वनडे क्रिकेट की तरफ कर लिया है।

शिखर धवन की निगाहें वर्ल्ड कप 2023 पर
चारों तरफ अभी एशिया कप और इस साल होने वाली टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर चर्चाओं का माहौल गर्म है। एशिया कप में शिखर धवन टीम का हिस्सा नहीं हैं और टी-20 वर्ल्ड कप में भी गब्बर को शायद ही टीम में खेलने का मौका दिया जाये। ऐसे में शिखर धवन ने अभी से ही अगले साल खेले जाने वाले 50 ओवर के वर्ल्ड कप पर ध्यान देना शुरू कर दिया है, जिसकी तैयारी भी उन्होंने शुरू कर दी है।

बल्लेबाजी को और बेहतर करने की कोशिश
शिखर धवन ने टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत में कई बातों का जिक्र किया। धवन ने कहा कि मेरा ध्यान अगले साल होने वाले 50 ओवर के वर्ल्ड कप पर है और इसके लिए मैं भारत के लिए ज्यादा से ज्यादा मैच खेलना चाहता हूं। मेरी कोशिश इन मुकाबलों में अधिक से अधिक रन बनाकर अपने फॉर्म को और मजबूत करने की होगी। शिखर धवन मौजूदा समय में भारत के लिए सिर्प वनडे फॉर्मेट में खेल रहे हैं।

आईसीसी टूर्नामेंट में शानदार रहा है गब्बर का रिकॉर्ड
शिखऱ धवन का रिकॉर्ड आईसीसी टूर्नामेंट में गजब का रहा है। साल 2015 वर्ल्ड कप, 2013 चैंपियंस ट्रॉफी और 2017 चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में धवन का नाम टॉप पर था। शिखर धवन ने साल 2019 वर्ल्ड कप की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी, लेकिन चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था।

जिम्बाब्वे के खिलाफ रन बनाना चाहेंगे धवन
जिम्बाब्वे दौरे पर शिखर धवन के पास अपने नाम कुछ और रन जोड़ने का बेहतरीन मौका होगा। जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए नियमित कप्तान रोहित शर्मा को आराम दिया गया है। जबकि सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर, अर्शदीप सिंह, रवींद्र जाडेजा और युज़वेंद्र चहल भी टीम के साथ इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि शिखर धवन इस सीरीज में बल्ले से अपना कमाल दिखा पाते हैं या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications