24 घंटे के अंदर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के दो दिग्गजों का निधन, शेन वॉर्न ने अपने साथी के लिए किया था आखिरी ट्वीट
नई दिल्ली, मार्च 04। क्रिकेट जगत के महान लेग स्पिनर और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज खिलाड़ी शेन वॉर्न के निधन से हर क्रिकेट प्रेमी सदमे में है। उनके असामयिक निधन की खबर से उनके साथ खेलने वाले सभी खिलाड़ी बहुत हैरान हैं। शुक्रवार को थाईलैंड में शेन वॉर्न का 52 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें हार्ट अटैक आया था। आपको बता दें कि शेन वॉर्न सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते थे और आज ही उन्होंने अपना आखिरी ट्वीट भी किया था।

रॉड मार्श के लिए शेन वॉर्न ने किया था आखिरी ट्वीट
दरअसल, शेन वॉर्न ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अपना आखिरी ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने अपने साथी क्रिकेट रॉड मार्श के निधन पर दुख जताया था। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा था, "रॉड मार्श के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख पहुंचा है, वह क्रिकेट के लेजेंड थे और कई युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत थे। रॉड मार्श ने क्रिकेट की बहुत परवाह की और बहुत कुछ दिया, खासकर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने उनसे खूब सीखा है। उनके परिवार को ढेर सारा प्यार।"

पिछले हफ्ते रॉड मार्श को पड़ा था दिल का दौरा
आपको बता दें कि रॉड मार्श का शुक्रवार सुबह 74 साल की उम्र में निधन हो गया था। जानकारी के मुताबिक, रॉड मार्श को पिछले हफ्ते क्वीसलैंड में अपने घर में दिल का दौरा पड़ा था। उसके बाद से ही वो कोमा में थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, क्वीसलैंड के एडिलेड अस्पताल में वो भर्ती थे। 1947 में जन्मे रॉड मार्श ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 1970 से लेकर 1984 तक क्रिकेट खेला था।

रॉड मार्श का क्रिकेट करियर
रॉड मार्श ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर थे और उन्होंने अपने देश के लिए 96 टेस्ट मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने तीन शतक लगाए थे और 355 स्टंप करने का रिकॉर्ड उनके नाम था। अभी वे ऑस्ट्रेलिया के तीसरे सबसे सफल टेस्ट विकेटकीपर हैं। 416 शिकार के साथ एडम गिलक्रिस्ट पहले और 395 शिकार के साथ इयान हीली दूसरे नंबर पर हैं। रॉड मार्श ने इसके अलावा 92 वनडे भी खेले थे। आपको बता दें कि रॉड मार्श को ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के कई फेमस खिलाड़ियों का करियर बनाने के लिए भी जाना जाता था। शेन वॉटसम, मार्क वॉ, डेविड हसी जैसे खिलाड़ियों को बनाने के पीछे उन्हीं का हाथ था।
ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के आइकॉन और महान गेंदबाज शेन वॉर्न नहीं रहे, हार्ट अटैक से हुई मौत












Click it and Unblock the Notifications