'अगर खेलते IPL तो बन जाते गद्दार', नीलामी में क्यों नहीं बिके शाकिब अल हसन, पत्नी ने किया खुलासा
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे महंगी और मशहूर टी20 क्रिकेट लीग आईपीएल के 15वें सीजन के लिये आयोजित की गई मेगा नीलामी अब समाप्त हो चुकी है। इस नीलामी के दौरान 10 फ्रैंचाइजियों ने हिस्सा लिया था, जिन्होंने 217 जगह के लिये 600 प्लेयर्स पर बोली लगाई। नीलामी में हिस्सा बनने वाले 600 खिलाड़ियों में कई देश के प्लेयर्स मौजूद रहे, जिनमें से कुछ पर पैसों की बरसात हुई तो वहीं पर कुछ पर किसी भी टीम ने कोई दांव नहीं लगाया। आईपीएल की नीलामी में पाकिस्तान को छोड़कर लगभग सभी देश के खिलाड़ियों को हिस्सा लेने की अनुमति है, जिसके तहत हर साल 1000 से ज्यादा प्लेयर्स आवेदन करते हैं।

इस दौरान कई ऐसे भी दिग्गज खिलाड़ी होते हैं जिन्हें नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिल पाता है और उन्हें अनसोल्ड रहकर वापस जाना पड़ता है। बांग्लादेश के हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब अल हसन का नाम भी उन्हीं दिग्गज 76 खिलाड़ियों में से एक रहा जिनके लिये आईपीएल 2022 में कोई खरीदार नहीं मिला है।
और पढ़ें: IPL Auction: 6 विदेशी खिलाड़ी जिन पर होनी थी पैसों की बरसात, पर नहीं मिला ऑक्शन में खरीदार

इस कारण नहीं बिके शाकिब अल हसन
नीलामी के दौरान शाकिब अल हसन पर किसी भी टीम के दांव नहीं लगाने पर जहां काफी लोगों ने हैरानी जताई है तो सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर उनकी पत्नी उन्मी अहमद शिशिर ने खुद खुलासा किया है कि उनके पति के ऑक्शन में अनसोल्ड रहने के पीछे की असली वजह क्या है।
शाकिब अल हसन की पत्नी ने फेसबुक के जरिये यह सफाई दी है कि हर किसी को कोई राय बनाने से पहले यह पता होना चाहिये कि शाकिब को कई सारी फ्रैंचाइजियों ने एप्रोच किया था लेकिन नेशनल टीम के साथ साउथ अफ्रीका दौरे पर जाने की अपनी ड्यूटी के चलते वो आईपीएल के पूरे सीजन के लिये उपलब्ध नहीं थे, जिसके वजह से टीमों ने उन्हें न खरीदने का फैसला किया।

अगर आईपीएल खेलते तो बन जाते गद्दार
उन्मी ने आगे भी बात करते हुए लिखा कि अगर शाकिब अल हसन आईपीएल की वजह से सीरीज छोड़ देते तो यही लोग जो हैरानी जता रहे हैं वो उन्हें गद्दार बता देते और शाकिब साउथ अफ्रीका का दौरा नहीं छोड़ना चाहते थे।
फेसबुक पर उन्मी ने लिखा,'वो लोग जो शाकिब के नहीं बिकने पर खुशी जता रहे हैं उनके बहुत ज्यादा उत्साहित होने से पहले मैं बताना चाहूंगी कि कुछ टीमों ने ऑक्शन से पहले ही उनसे संपर्क किया था और पूछा था कि क्या वो पूरे सीजन के लिये उपलब्ध रह सकेंगे, दुर्भाग्य से श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के चलते वो नहीं उपलब्ध हो सकते। यही कारण है कि वो ऑक्शन में खरीदे नहीं जा सके, यह बड़ी बात नहीं है और न ही यह अंत है, यहां पर हमेशा अगला साल है। आईपीएल में चुने जाने के लिये उन्हें श्रीलंका सीरीज छोड़नी पड़ती, और तब अगर वो चुने जाते तो तुम लोग ये बात नहीं करते, तब तुम लोग उसे अब तक गद्दार बना चुके होते। तुम्हारी उम्मीदों पर पानी फेरने के लिये माफी चाहूंगी।'

श्रीलंका नहीं साउथ अफ्रीका से है सीरीज
गौरतलब है कि भले ही शाकिब अल हसन की पत्नी ने अपनी पोस्ट में श्रीलंका का जिक्र किया हो लेकिन असल में बांग्लादेश को साउथ अफ्रीका के दौरे पर जाना है। अफगानिस्तान के खिलाफ घर पर सीरीज खेलने के बाद बांग्लादेश को 18 मार्च से 11 अप्रैल के बीच 2 टेस्ट और 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिये जाना है, ऐसे में जो खिलाड़ी उसमें उपलब्ध होंगे वो आईपीएल 2022 के पहले 15 दिन का हिस्सा नहीं बन पायेंगे। आपको बता दें कि मुस्तफिजुर रहमान इकलौते बांग्लादेशी खिलाड़ी हैं जो ऑक्शन में बिके हैं, क्योंकि उन्हें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से पूरे सीजन उपलब्ध रहने की इजाजत दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications