IPL Auction: 6 विदेशी खिलाड़ी जिन पर होनी थी पैसों की बरसात, पर नहीं मिला ऑक्शन में खरीदार
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर टी20 लीग आईपीएल के 15वें सीजन से पहले खिलाड़ियों के चयन के लिये आयोजित किये जाने वाले मेगा ऑक्शन का आयोजन पूरा हो गया है। हर बार की तरह एक बार फिर से इस टूर्नामेंट में प्लेयर्स पर पैसों की बरसात देखने को मिली है। 10 टीमों के साथ आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट के मेगा ऑक्शन का फैन्स लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। इसी को देखते हुए मेगा ऑक्शन से पहले कई दिग्गज खिलाड़ियों और फैन्स ने पहले ही अपने पसंदीदा प्लेयर्स को चुनना शुरू कर दिया था जिनका इस ऑक्शन के दौरान बिकना तय माना जा रहा था।

इस दौरान कई ऐसे भी खिलाड़ी रहे जिनको लेकर दिग्गजों ने भविष्यवाणी की थी कि नीलामी के दौरान उन्हें बड़ी रकम मिल सकती है, ऐसे में जब नीलामी हुई तो कई खिलाड़ी ऐसे रहे जिन पर पैसों की बरसात हुई तो कुछ ऐसे भी रहे जिन्हें खरीदार तक नहीं मिला और वो अनसोल्ड रह गये। इस आर्टिकल में हम उन 6 विदेशी प्लेयर्स की बात करने जा रहे हैं जिनके नीलामी में काफी महंगा बिकने के आसार थे, हालांकि जब इवेंट हुआ तो यह खिलाड़ी अनसोल्ड रह गये।
और पढ़ें: IPL 2022: 4 टीमें जिन्होंने नीलामी में की सबसे अच्छी खरीदारी, जानें किसकी है सबसे मजबूत टीम

एडम जंपा (Adam Zampa)
इस फेहरिस्त में पहला नाम ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम जंपा का है जो कि आईपीएल 2021 तक आरसीबी की टीम के साथ जुड़ हुए थे, हालांकि पहले लेग में कोरोना की मार पड़ने के बाद वो दूसरे लेग का हिस्सा बनने के लिये नहीं आये। मौजूदा समय के बेस्ट लेग स्पिनर्स की बात करें तो एडम जंपा का नाम राशिद खान और युजवेंद्र चहल के साथ लिया जाता है। इसी को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही थी कि टीमें उन पर भारी रकम खर्च कर सकती हैं। हालांकि ऐसा हुआ नहीं और 2 करोड़ की बेस प्राइस वाले इस खिलाड़ी को किसी ने भी नहीं खरीदा।

आदिल रशीद (Adil Rashid)
नीलामी के दौरान अनसोल्ड गये प्लेयर्स की लिस्ट में अगला नाम इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी आदिल राशिद का है, जो कि विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ ही शानदार स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं। नीलामी से पहले माना जा रहा था कि टीमें हरफनमौला खिलाड़ियों पर काफी पैसा खर्च कर सकती हैं और नीलामी के दौरान ऐसा देखने को भी मिला। आदिल राशिद का नाम मोइन अली, बेन स्टोक्स, रविंद्र जडेजा जैसे दिग्गज ऑलराउंडर्स की लिस्ट में लिया जाता है, हालांकि 2 करोड़ की बेस प्राइस वाले इस खिलाड़ी में किसी भी टीम ने इंटरेस्ट नहीं दिखाया।

डेविड मलान (David Malan)
कुछ महीनों तक दुनिया के नंबर 1 टी20 बल्लेबाज के पायदान पर काबिज डेविड मलान का नाम विस्फोटक ओपनर्स की लिस्ट में आता है जो कि टीमों के लिये लंबे समय तक खेल सकते हैं। आईपीएल 2021 में डेविड मलान को पंजाब किंग्स ने अपने खेमे में शामिल किया था लेकिन खराब प्लानिंग के चलते उनका इस्तेमाल करने में नाकाम रही थी। ऐसे में माना जा रहा था कि दो नई टीमों के आने से इस खिलाड़ी पर भारी भरकम रकम खर्च की जा सकती है, हालांकि 1.50 करोड़ की बेस प्राइस वाले इस खिलाड़ी को किसी भी फ्रैंचाइजी ने नहीं खरीदा।

एरॉन फिंच (Aron Finch)
नीलामी से पहले आईपीएल में 3 टीमें नये कप्तान की तलाश में उतरी थी, आरसीबी की टीम में विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने, केएल राहुल के पंजाब किंग्स से रिलीज हो जाने और केकेआर के लिये इयोन मोर्गन को रिलीज कर देने के बाद यह जगह खाली थी। ऐसे में माना जा रहा था कि यह टीमें एक विस्फोटक सलामी बल्लेबाज और कप्तान के लिये जा सकती हैं, जिसमें एरॉन फिंच का नाम भी शामिल था। हालांकि 1.5 करोड़ की बेस प्राइस वाले इस खिलाड़ी को किसी ने ऑक्शन के दौरान ओपनिंग बिड भी नहीं दी, वहीं दूसरी लिस्ट में उनका नाम तक नहीं आया।

इयोन मोर्गन (Eoin Morgan)
अगर कोई कप्तान किसी टीम को एक सीजन पहले फाइनल में ले जाये तो बड़ा मुश्किल ही देखने को मिलता है कि अगले सीजन उसे कोई भी टीम न खरीदे। हालांकि इयोन मोर्गन के साथ ऐसा नहीं हुआ। आईपीएल 2021 में कोलकाता नाइट राइडर्स की निराशाजनक शुरुआत के बाद उसे फाइनल तक ले जाने वाले इयोन मोर्गन को पहले तो केकेआर ने रिलीज कर दिया और उसके बाद जब वो ऑक्शन में उतरे तो किसी भी टीम ने उन्हें खरीदा। 1.5 करोड़ की बेस प्राइस वाले इस प्लेयर को लेकर उम्मीद जताई जा रही थी कि नई टीमें उन पर दांव लगा सकती है, लेकिन नीलामी के दौरान किसी भी टीम ने उनमें दिलचस्पी नहीं दिखाई।

स्टीव स्मिथ (Steve Smith)
एरॉन फिंच की ही तरह स्टीव स्मिथ का नाम भी टीमों की कप्तानी करने और विस्फोटक सलामी बल्लेबाजों कि लिस्ट में शामिल था। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें पिछली बार बेस प्राइस में ही अपने खेमे से जोड़ा था और इस बार भी वो 2 करोड़ के बेस प्राइस पर नीलामी में उतरे थे। हालांकि जब ऑक्शन में उनका नाम आया तो उम्मीद के हिसाब से कुछ भी नहीं हुआ और उन्हें किसी भी टीम ने नहीं पूछा। अंत में स्मिथ अनसोल्ड रहकर वापस लौट गये।












Click it and Unblock the Notifications