PSL के मैच में इस पाकिस्तानी गेंदबाज ने आसान सा रन आउट किया मिस, देखने वालों ने भी पकड़ लिया माथा
पीएसएल 8 के पहले मुकाबले में लाहौर कलंदर्स ने मुल्तान सुल्तांस को 1 रन से हरा दिया। मैच के दौरान मुल्तान के गेंदबाज शाहनवाज दहानी से एक आसान सा रन आउट मिस हो गया।

पाकिस्तान सुपर लीग के आठवें संस्करण का आगाज सोमवार से हो गया। मुल्तान क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया टूर्नामेंट का पहला मुकाबला भी दर्शकों के लिए पैसा वसूल रहा, क्योंकि दर्शकों को इस मैच में रोमांच की चरम सीमा देखने को मिली। दरअसल, मैच के आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर मुल्तान की टीम को 6 रन की जरूरत थी, लेकिन खुशदिल शाह के बल्ले से चौका ही निकल पाया और लाहौर कलंदर्स की टीम मैच जीत गई। PSL 8 के पहले मुकाबले में रोमांच के अलावा सॉलिड ड्रामा या यूं कहे कि मनोरंजन भी देखने को मिला।
दहानी से मिस हुआ प्यारा सा रन आउट
दरअसल, लाहौर कलंदर्स की बल्लेबाजी के दौरान एक ऐसा मूमेंट आया कि उस वक्त हर किसी ने अपना माथा पकड़ लिया। जी हां, कलंदर्स की बल्लेबाजी के दौरान मुल्तान सुल्तांस के गेंदबाज और पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहनवाज दहानी ने एक बहुत ही प्यारा सा और आसान सा रनआउट मिस कर दिया। यह वाक्या कलंदर्स की पारी के 17वें ओवर का है। ओवर की पहली ही गेंद पर सिकंदर रजा ने एक रन के लिए कॉल किया था और नॉन स्ट्राइक एंड पर खड़े हुसैन तलत ने रन के लिए दौड़ भी लगा दी, लेकिन तभी रजा ने अपने कदम क्रीज में वापस ले लिए। जब तक रजा कॉल वापस लेते तब तक हुसैन ने आधी क्रीज पार कर दी थी।
बहुत ही आराम से आउट कर सकते थे दहानी
मुल्तान सुल्तांस के गेंदबाज शाहनवाज दहानी के पास हुसैन को रन आउट करने का एक बहुत ही शानदार चांस था, लेकिन वो उनसे मिस हो गया। दरअसल, जब हुसैन आधी क्रीज क्रॉस कर चुके थे तो उन्होंने देखा कि रजा वापस अपनी क्रीज में जा चुके हैं तो हुसैन अपनी क्रीज की तरफ दौड़ पड़े। तभी दहानी ने गेंद उठाकर सीधा विकेट से मारनी चाही, लेकिन उनसे थ्रो मिस हो गया। 2 सेकेंड के इस खेल के बीच में हर किसी की धड़कनें रूक गई थीं। दहानी के पास इस रन आउट को करने का इतना समय था कि वो आराम से स्टंप्स के पास आकर गेंद को मार सकते थे, लेकिन उन्होंने आधी क्रीज से ही थ्रो कर दिया और गेंद स्टंप्स को मिस कर गई।
कॉमेंटेटर नहीं रोक पाए हंसी
इस रन आउट के मिस होने के बाद कॉमेंटेटर भी अपनी खुशी को नहीं रोक पाए और जमकर हंसी-ठहाके लगाते दिखे। ऑन-एयर कमेंटेटर्स में से एक वकार यूनुस ने कहा कि यह दोनों प्लेयर एक छोर पर आ गए हैं, वह (सिकंदर रजा) भाग सकता था। क्यों? क्यों? ओह गोड। एक अन्य कॉमेंटेंटर ने कहा कि ओह यह तो मिस हो गया बहुत बुरा है, यह वास्तव में बहुत बुरा है। इसके बाद कॉमेंटेटर को माइक पर हंसते हुए देखा गया।
मैच का लेखो-जोखा
आपको बता दें कि पीएसएल 8 के पहले मैच में लाहौर कलंदर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए थे। लाहौर कलंदर्स की ओर से फखर जमान ने सबसे अधिक 42 गेंदों में 66 रन की पारी खेली थी। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 5 छक्के लगाए थे। इसके अलावा मिर्जा बेग ने भी 26 गेंदों में 32 रन की पारी खेली थी। 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुल्तान सुल्तांस की शुरुआत भी शानदार रही। पहले विकेट के लिए शान मसूद और मोहम्मद रिजवान के बीच 100 रन की साझेदारी हुई। रिजवान ने 50 गेंदों में 75 रन ठोके तो वहीं शान मसूद ने 31 गेंदों में 35 रन की पारी खेली।












Click it and Unblock the Notifications