'BCCI का पाकिस्तान क्या ICC भी कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा', एशिया कप को लेकर शाहिद अफरीदी ने तोड़ी चुप्पी
Shahid Afridi on Asia Cup 2023: अगले महीने एशिया कप की मेजबानी को लेकर मीटिंग होने वाली है। मीटिंग में पाकिस्तान की जगह किसी नए वेन्यू को एशिया कप की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

Shahid Afridi on Asia Cup 2023: इस साल सितंबर में एशिया कप 2023 का आयोजन किया जाना है। एशिया कप 2023 की मेजबानी पाकिस्तान को मिली थी, लेकिन अब यहां टूर्नामेंट का होना मुश्किल लग रहा है। मोजूदा हालात को देखते हुए एशिया कप पाकिस्तान से शिफ्ट होकर कहीं और खेला जाएगा। भारतीय टीम ने पाकिस्तान आकर एशिया कप खेलने पर आपत्ति जताई है, जिसके बाद अब नए वेन्यू पर एशिया कप का आयोजन किया जाएगा।

शाहिद अफरीदी ने एशिया कप को लेकर तोड़ी चुप्पी
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने अब एशिया कप 2023 को लेकर कुछ बातों का जिक्र किया है। शाहिद अफरीदी ने समा टीवी से बात करते हुए कहा कि पाकिस्तान को कोई भी फैसला लेने से पहले गहन सोच-विचार की जरूरत है। इमोशनल होकर क्रिकेट के फैसले नहीं लिए जा सकते हैं। पाकिस्तान अगर भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का बहिष्कार करना चाहता है तो यह संभव नहीं है।

क्रिकेट की स्थिति को देखते हुए लेना होगा फैसला
शाहिद अफरीदी ने कहा कि पाकिस्तान को एशिया कप विवाद पर फैसला लेने से पहले अपनी अर्थव्यवस्था और क्रिकेट की दुनिया में अपनी स्थिति पर एक नजर डालनी चाहिए। भारत एशिया कप खेलने पाकिस्तान नहीं आता तो यह सोचकर उन्हें वर्ल्ड कप से बहिष्कार नहीं करना चाहिए। जब आप अपने पांव पर खड़े नहीं हों तो ऐसी स्थिति आती है। आपको सोच समझ कर फैसला लेना होता है। भारत अगर आपको आंखें दिखा रहा है, इसका मतलब है भारत ने अपने आपको उस काबिल बनाया है।

बीसीसीआई का आईसीसी भी कुछ नहीं बिगाड़ सकती
शाहिद अफरीदी ने आगे कहा कि मुझे नहीं पता कि भारत एशिया कप के लिए पाकिस्तान जाएगा? क्या हम भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का बहिष्कार करेंगे? हमें कुछ बिंदुओं पर निर्णय लेने के जरूरत है। मौजूदा समय में पाकिस्तान क्या आईसीसी भी बीसीसीआई का कुछ नहीं बिगाड़ सकती है। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को सोच-समझकर आगे कदम बढ़ाने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications