बाबर आजम को गौतम गंभीर ने बताया स्वार्थी तो शाहिद अफरीदी ने निकाली भड़ास, कह डाली ये बात
Shahid Afridi hits back Gautam Gambhir for Babar Azam Remark: पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम विश्वकप में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं, जिसकी वजह से उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय टीम के पूर्व स्टार क्रिकेटर गौतम गंभीर ने बाबर आजम को लेकर कहा था कि उन्हें स्वार्थी नहीं होना चाहिए बल्कि टीम के लिए खेलना चाहिए। वह अच्छे फॉर्म में नहीं हैं लिहाजा उन्हें मध्य क्रम में बल्लेबाजी करने के लिए आना चाहिए और फखर जमान जैसे खिलाड़ी को ओपनिंग करने का मौका देना चाहिए। गौतम गंभीर की यह सलाह पूर्व पाकिस्तान के कप्तान शाहिद अफरीदी को रास नहीं आई है।

गंभीर को भी तो घर जाना है
गौतम गंभीर की राय पर नाराज शाहिद अफरीदी ने कहा खिलाड़ियों के करियर में ऐसा समय आता है जब वह अच्छी फॉर्म में नहीं होते हैं, उनकी आलोचना होती है, उन्हें सलाह दी जाती है। लेकिन मेरे हिसाब से जो सुझाव दिए जाएं वो सकारात्मक होने चाहिए, खिलाड़ी की बेहतरी के लिए होनी चाहिए। गौतम गंभीर को लेकर अफरीदी ने कहा कि टूर्नामेंट के बाद कोशिश करेंगे बाबर को बोले कि उनके बारे में भी कुछ बोले क्योंकि वो भी तो घर जाएगा ना।

क्या कहा था गंभीर ने
बता दें कि गौतम गंभीर ने कहा था कि मेरी राय में पहले आपको टीम के बारे में सोचना चाहिए, अपने बारे में नहीं। अगर आपकी योजना के अनुसार कुछ नहीं जा रहा है तो आपको फखर जमान को बल्लेबाजी करने के लिए ऊपर भेजना चाहिए। इसको कहते हैं बतौर कप्तान निस्वार्थ होना, स्वार्थी होना काफी आसान होता है। बाबर और रिजवान को बल्लेबाजी की शुरुआत करना और कई रिकॉर्ड अपने नाम करना आसान है। लेकिन आप अगर लीडर बनना चाहते हैं तो आपतो अपनी टीम के बारे में सोचना होगा।

गंभीर को शब्दों पर ध्यान देना चाहिए
अफरीदी ने कहा कि आलोचना तो हमेशा होती रही है लेकिन आपको अपने शब्दों के चयन पर ध्यान देना चाहिए। आपको ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करना चाहिए जो खिलाड़ी के लिए सुझाव होने चाहिए और आप लोगों को भी बेहतर तरह से समझा सके। जहां तक बाबर आजम की बात है उन्होंने कई मैच जिताऊ पारी खेली है। जिस तरह से लगातार उन्होंने अच्छी पारियां खेली हैं, बहुत कम ही बल्लेबाज ऐसा कर पाए हैं। इस समय अपेक्षा के अनुसार नहीं खेल पा रहे हैं, जिसकी वजह से उनकी आलोचना हो रही है।

खराब फॉर्म में बाबर
बता दें कि बाबर आजम लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। एशिया कप में भी वह कुछ खास नहीं कर सके थे और विश्वकप में अभी तक खेले गए तीन मैचों में भी बाबर का बल्ला नहीं चला है। भारत के खिलाफ मैच में वह शून्य पर आउट हो गए, जिम्बाब्वे के खिलाफ वह 4 रन के स्कोर पर आउट हो गए और नीदरलैंड के खिलाफ भी वह सिर्फ 4 ही रन बना सके। यही वजह है कि बाबर आजम की फॉर्म पर सवाल खड़े हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications