बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बीच में ही आधी ऑस्ट्रेलियाई टीम लौटी स्वदेश, कैसे होगी सीरीज में वापसी?
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का अगला टेस्ट मैच 1 मार्च से इंदौर के होल्कर स्टेडियम में शुरू होगा। इस मुकाबले से पहले आधी ऑस्ट्रेलियाई टीम स्वदेश लौट गई है। कप्तान पैट कमिंस भी अपने घर जा चुके हैं।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 0-2 से पिछड़ने के बाद भी ऑस्ट्रेलियाई टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। चार टेस्ट मैचों की सीरीज का अगला मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच 1 मार्च से शुरू होगा, लेकिन इस मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम स्वदेश लौट गई है। ऑस्ट्रेलिया के कुल 7 खिलाड़ी स्वदेश जा चुके हैं। इसमें से कोई निजी कारण की वजह से तो कोई चोट के कारण सीरीज से बाहर होकर स्वदेश लौटा है। हालांकि इसके बावजूद ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छी बात यह है कि मिचेल स्टार्क और कैमरून ग्रीन इंदौर टेस्ट में खेलते हुए नजर आ सकते हैं, क्योंकि यह दोनों प्लेयर फिट हो गए हैं।
यह सात प्लेयर लौट गए हैं ऑस्ट्रेलिया
पैट कमिंस: ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान पैट कमिंस दिल्ली टेस्ट खत्म होने के बाद ही ऑस्ट्रेलिया रवाना हो गए थे। बताया जा रहा है कि उनके घर में कोई फैमिली मेंबर बीमार है। कहा यह भी जा रहा है कि कमिंस 1 मार्च से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट से पहले लौट आएंगे।
डेविड वॉर्नर: ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर दिल्ली टेस्ट में चोटिल हो गए थे। उन्हें सिराज की एक गेंद कोहनी पर लगी थी। उनकी कोहनी में फ्रैक्चर हुआ है, जिसके बाद वो इलाज के लिए सिडनी रवाना हो गए हैं।
जोश हेजलवुड: ऑस्ट्रेलियाई टीम के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को एड़ी में चोट लगी है। वो इस चोट की वजह से शुरुआती दो टेस्ट में नहीं खेले थे, लेकिन अभी तक उनकी चोट ठीक नहीं हुई है, इसीलिए उन्हें वापस भेज दिया गया है। हेजलवुड टीम के अनुभवी गेंदबाज हैं।
एश्टन एगर: ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर एश्टन एगर भी स्वदेश जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें टीम मैनेजमेंट ने इसलिए वापस भेज दिया है क्योंकि टीम में अधिक स्पिनर हो रहे थे। एडम गिलक्रिस्ट ने इसको लेकर नाराजगी भी जाहिर की थी।
टॉड मर्फी: नागपुर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू करने वाले टॉड मर्फी भी स्वदेश लौट गए हैं। 22 साल का यह युवा गेंदबाज साइड स्ट्रेन के चलते स्वदेश लौट गया है। उन्होंने अपने डेब्यू मैच में भारत के खिलाफ 5 विकेट लिए थे।
ऑस्ट्रेलिया वापस लौटने वाले खिलाड़ियों में मिचेल स्वेपसन और लांस मॉरिस भी हैं।
वनडे सीरीज से पहले ग्लेन मैक्सवेल भी हुए चोटिल
Recommended Video
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बीच 7 खिलाड़ियों के स्वदेश लौट जाना ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए काफी नहीं था कि एक और बुरी खबर आ गई। दरअसल, वनडे सीरीज से पहले मैदान पर वापसी की तैयारी कर रहे ग्लेन मैक्सवेल भी एक घरेलू मैच के दौरान चोटिल हो गए। विक्टोरिया के लिए खेलते हुए मैक्सवेल एक कैच पकड़ने के दौरान कलाई में चोट खा बैठे हैं। हालांकि अभी उनकी चोट को लेकर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। मैक्सवेल नवंबर 2022 से क्रिकेट से दूर हैं वो एक बर्थडे पार्टी में अपने पैर में चोट लगा बैठे थे।












Click it and Unblock the Notifications