इंग्लैंड के खिलाड़ी ने रिज़वान को पछाड़ा, नहीं हिला पाये सूर्या की कुर्सी, जानें ताजा ICC टी20 रैंकिंग
ICC T20 Rankings: आईपीएल के दौरान अनसोल्ड रहने वाले इंग्लिश बल्लेबाज फिल साल्ट ने आईसीसी टी20 रैंकिंग में धमाका कर दिया है। साल्ट ने अपनी रैंकिंग में एक बड़ी छलांग लगाते हुए पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिज़वान को पछाड़ दिया है।
त्रिनिदाद में साल्ट के शतक ने उनकी रैंकिंग में सुधार कर दिया है। वह अपने करियर की सबसे ऊँची रेटिंग 802 पर आ गए। उनको मोहम्मद रिजवान से 15 रेटिंग पॉइंट्स ज्यादा मिले हैं और वह अब नम्बर दो पर आ गए हैं। रिजवान नम्बर दो से नीचे खिसक गए हैं।

हालांकि नंबर एक के लिए कोई मुकाबला नहीं दिख रहा है। वहां सूर्यकुमार यादव अपनी जगह पर बने हुए हैं। सूर्यकुमार यादव ने 887 पॉइंट्स हासिल किये हैं और वह आराम से पहले नम्बर पर हैं। उनको फ़िलहाल कोई हिलाता हुआ भी नज़र नहीं आ रहा है।
नम्बर चार की बात करें, तो वहां दक्षिण अफ्रीकी कप्तान एडन मार्करम टिके हुए हैं और पांचवें नम्बर पर पाकिस्तानी क्रिकेटर बाबर आज़म का नाम शामिल है। टॉप दस में भारत से एक और नाम ऋतुराज गायकवाड़ का है। वह नम्बर 8 पर बने हुए हैं। इंग्लैंड के आदिल राशिद गेंदबाजों की लिस्ट में नम्बर एक हैं। दो नम्बर पर राशिद खान हैं।
भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने भी रैंकिंग में तीसरा स्थान हासिल किया है। गेंदबाजों की रैंकिंग में टॉप दस में भारत से सिर्फ बिश्नोई का नाम ही शामिल है। अन्य कोई खिलाड़ी इसमें जगह हासिल नहीं कर पाया। ऑल राउंडर रैंकिंग में टॉप पर बांग्लादेश के शाकिब अल हसन और दूसरे स्थान पर अफगानिस्तान से आने वाले मोहम्मद नबी का नाम है। तीसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीकी कप्तान मार्करम का नाम शामिल है। हार्दिक पांड्या ने यहाँ चौथा स्थान हासिल किया है। हालांकि वह चोट के कारण लगातार बाहर ही चल रहे हैं। अन्य कोई भारतीय खिलाड़ी इस लिस्ट में शामिल नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications