भारतीय मूल के खिलाड़ी ने जड़े 18 छक्के, टी20 में इतनी गेंदों पर शतक ठोक बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, क्रिस गेल को पछाड़ा
Sahil Chauhan: टी20 वर्ल्ड कप में चौके-छक्कों की बारिश होने की संभावना थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ, धीमी पिचों पर गेंदबाजों का ही बोलबाला देखने को मिला था। इस बीच एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित हो गया है और यह भी कोई छोटा रिकॉर्ड नहीं बल्कि वर्ल्ड क्रिकेट में तबाही मचाने वाला रिकॉर्ड है।
यहाँ एक और खास बात यह है कि भारतीय मूल के एक खिलाड़ी ने टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज शतक जड़ने का कीर्तिमान स्थापित किया है। क्रिस गेल के नाम सबसे तेज शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड था और उनका कीर्तिमान एक दशक तक रहा था, हालांकि यह इंटरनेशनल क्रिकेट में नहीं था। इंटरनेशनल क्रिकेट में नामीबिया के खिलाड़ी के नाम रिकॉर्ड था।

भारतीय मूल के खिलाड़ी साहिल चौहान ने एस्टोनिया की तरफ से खेलते हुए महज 27 गेंदों में ही शतक जमा दिया। इस मैच में एस्टोनिया की टीम साइप्रस के विरुद्ध खेल रही थी। साहिल ने अकेले ही अपनी टीम को जीत भी दिलाई और नाबाद लौटे।
चौकों से ज्यादा साहिल ने छक्के जमाए। इस पारी में उनके बल्ले से कुल 18 छक्के देखने को मिले। इसके अलावा 6 चौके भी उन्होंने जमाए। साहिल 41 गेंदों का सामना करते हुए 144 रनों की नाबाद पारी खेलकर लौटे। उनकी टीम को इस मुकाबले में 6 विकेट से जीत मिली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए साइप्रस ने 7 विकेट पर 191 रनों का स्कोर खड़ा किया। सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज तरनजीत सिंह थे, उन्होंने 44 रन बनाए। इसके बाद एस्टोनिया के लिए साहिल ने तबाही मचा दी और एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर टीम को जीत दिलाई, एस्टोनिया ने महज 13 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
क्रिस गेल ने आरसीबी के लिए खेलते हुए 30 गेंदों में सैकड़ा जमाया था लेकिन वह इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं था। साहिल ने इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलते हुए यह बड़ा कारनामा किया है। इससे पहले नामीबिया के यान निकोल लॉफ्टी के नाम सबसे तेज शतक का इंटरनेशनल रिकॉर्ड था, उन्होंने नेपाल के खिलाफ 33 गेंदों में शतक जमाया था।












Click it and Unblock the Notifications