श्रीलंका के क्रिकेटर पर हुई बड़ी कार्रवाई, मैच फिक्स चार्ज के बाद देश छोड़ जाने पर लगी पाबंदी
Sachithra Senanayake: श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर सचित्रा सेनानायके के ऊपर एक बड़ी कार्रवाई हुई है। उनके ऊपर मैच फिक्सिंग के चार्ज लगे थे। सेनानायके को बाहर जाने से बैन कर दिया गया है। वह किसी ओवरसीज देश की यात्रा नहीं कर पाएंगे। श्रीलंका के लिए वह तीनों प्रारूप में खेले हैं।
39 वर्षीय सेनानायके ने श्रीलंका के लिए टेस्ट क्रिकेट में एक मुकाबला खेला था। वनडे क्रिकेट में उन्होंने कुल 49 मुकाबले खेले थे और टी20 प्रारूप में 24 मुकाबले खेले थे। उनके ऊपर मैच फिक्सिंग के आरोप साल 2020 में लंका प्रीमियर लीग के दौरान लगे थे।

सेनानायके के ऊपर आरोप थे कि उन्होंने फोन पर दो खिलाड़ियों को मैच फिक्स करने के लिए कहा था। कोलम्बो के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने अपने आदेश में उनके ऊपर बाहर जाने की पाबंदी लगाई है। इमिग्रेशन के कंट्रोलर जनरल को यह आदेश देते हुए कहा गया कि इस क्रिकेटर के ऊपर तुरंत प्रभाव से बाहर जाने के लिए रोक लगाई जाए।
उनके ऊपर स्पोर्ट्स मंत्रालय के आदेशानुसार आपराधिक चार्ज भी लगाये गए हैं। पूरा मामला देखते हुए कहा जा सकता है कि सेनानायके के ऊपर शिंकजा कसता जा रहा है। हालांकि इस मामले में फ़िलहाल पूर्ण रूप से कोई फैसला नहीं आया है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर अदालत का फैसला आएगा।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सेनानायके ने एकमात्र टेस्ट मैच में 96 रन खर्च कर कोई विकेट हासिल नहीं किया। इसके अलावा वनडे में उन्होंने कुल 53 विकेट अपने नाम किये। पारी में एक बार 4 विकेट लेने का कारनामा भी उन्होंने किया है। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सेनानायके ने 25 विकेट झटके। यहाँ भी एक बार 4 विकेट उन्होंने हासिल किये।












Click it and Unblock the Notifications