मुंबई इंडियंस ने किया आईपीएल 2024 का पहला ट्रेड, लखनऊ के खिलाड़ी को 50 लाख रुपये में किया शामिल
Romario Shepherd in Mumbai Indians: आईपीएल में नीलामी प्रक्रिया से पहले मुंबई इंडियंस काफी सक्रिय रहती है। टीम नीलामी से पहले खिलाड़ी रिलीज और रिटेन के अलावा ट्रेड भी करती है। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ है। मुंबई इंडियंस ने इस बार का पहला ट्रेड करते हुए एक खिलाड़ी अपने साथ जोड़ लिया है।
पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम से एक खिलाड़ी अपने साथ शामिल किया है। वेस्टइंडीज के ऑल राउंडर रोमारियो शेफर्ड को मुंबई इंडियंस ने अपने साथ जोड़ा है। ट्रेड करते हुए उनको मुंबई की टीम में लाया गया है।

रोमारियो शेफर्ड को मुंबई इंडियंस में लाने के लिए 50 लाख रुपये की डील हुई है। 2023 आईपीएल के लिए हुए ऑक्शन में इसी राशि के साथ रोमारियो शेफर्ड को लखनऊ ने खरीदा था और अब मुंबई को भी पचास लाख रुपये के साथ अपना खिलाड़ी दे दिया।
लखनऊ की तरफ से एक बयान में कहा गया कि ट्रेडिंग विंडो में लखनऊ सुपर जायंट्स से ट्रेड कर रोमारियो शेफर्ड को मुंबई इंडियंस में शामिल किया गया है। हैदराबाद और लखनऊ के साथ 4 मैच खेलने वाले रोमारियो शेफर्ड को 50 लाख की राशि में ट्रेड किया गया है।
मुंबई इंडियंस की टीम में कैमरन ग्रीन के रूप में एक ऑल राउंडर है, रोमारियो शेफर्ड अब उनके साथ खेलेंगे। विंडीज के लिए शेफर्ड ने 31 टी20 मुकाबले खेले हैं। इसके अलावा एकदिवसीय क्रिकेट में रोमारियो शेफर्ड ने 25 मुकाबले खेले हैं। टीमों के रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट भी सामने आने वाली है, इसके अलावा ट्रेड वाले कुछ और खिलाड़ियों के नाम भी आ सकते हैं।
दिसम्बर में नीलामी होनी है, ऐसे में टीमों द्वारा रिटेन किये गए खिलाड़ियों की लिस्ट भी 15 नवम्बर तक सामने आएगी। ऑक्शन की तारीख 15 दिसम्बर बताई जा रही है। हालांकि आधिकारिक रूप से अभी तक बीसीसीआई ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।












Click it and Unblock the Notifications