IND vs PAK: रोहित शर्मा ने वनडे में अपने नाम की खास उपलब्धि, बने ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी
India vs Pakistan, 12th Match: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में आज, 14 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच दिलचस्प मुकाबला खेला जा रहा है। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में फैंस के साथ टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा भी जोश से भरपूर नजर आए। इसके साथ ही रोहित ने 50 ओवर के फॉर्मेट में 300 छक्के पूरे कर अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली है।
रोहित शर्मा ने खेली शानदार 86 रन की पारी
भारतीय कप्तान ने शनिवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पाकिस्तानी गेंदबाजों को एक बाद एक बाउंड्री जड़कर परेशान कर दिया। पाकिस्तान के खिलाफ रोहित शर्मा के बल्ले से शानदार छक्के देखने को मिले। रोहित शर्मा ने बाबर आजम की टीम के खिलाफ 63 गेंदों में 6 छक्के और 6 चौके की मदद से शानदार 86 रन की पारी खेली।

रोहित शर्मा बने 300 छक्के लगाने वाले तीसरे क्रिकेटर
पाकिस्तान के खिलाफ अपनी विस्फोटक पारी के बाद रोहित शर्मा, क्रिस गेल और शाहिद अफरीदी के बाद एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में 300 छक्के लगाने वाले तीसरे क्रिकेटर बन गए हैं। रोहित ने अहमदाबाद में पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी एकदिवसीय विश्व कप मैच के दौरान अपने तीसरे छक्के के साथ यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने हारिस राउफ की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर छक्के के साथ ये कारनामा किया।
भारत के कप्तान रोहित ने पाकिस्तान से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ 84 गेंदों में 131 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें नौ छक्के शामिल थे, जिससे वह सभी फॉर्मेंट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्कों की लिस्ट में गेल (553) को पीछे छोड़ते हुए टॉप पर पहुंच गए। वह महान सचिन तेंदुलकर को पछाड़कर सात विश्व कप शतक बनाने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए। इस मुकाबले में रोहित ने केवल 63 गेंदों पर अपना शतक पूरा करते हुए विश्व कप में भारत का सबसे तेज शतक भी बनाया।
पिछले 6 वनडे में पाकिस्तान के खिलाफ रोहित शर्मा की पारी
पाकिस्तान के खिलाफ रोहित शर्मा के लास्ट 6 वनडे मैच की बात करें तो उन्होंने 2018 में दुबई में 52 रन की शानदार पारी खेली। इसके बाद दुबई में ही उन्होंने 111 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। इसके बाद उन्होंने 2019 में मैनचेस्टर में 140 रन की पारी खेली। हालांकि, 2023 में पल्लेकेले में पाकिस्तान के खिलाफ मात्र 11 रन से संतोष करना पड़ा। इसके बाद अहमदाबाद में वनडे वर्ल्ड कप 2023 के भारत पाक मैच में एक बार फिर रोहित ने 86 रन की तूफानी पारी खेली।












Click it and Unblock the Notifications