'भारतीय खिलाड़ी विदेश में जाकर गलत काम करते हैं, मेरे पति साफ-सुथरे', जडेजा की पत्नी का बड़ा दावा
Ravindra Jadeja Wife News: भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को लेकर उनकी पत्नी रिवाबा जडेजा ने कुछ बातों का जिक्र किया है। रिवाबा ने हाल ही में भारतीय खिलाड़ियों को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। रिवाबा गुजरात से भाजपा विधायक और मंत्री भी हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि उनके पति अक्सर क्रिकेट के लिए देश-विदेश की यात्रा करते हैं, उन्होंने कभी भी किसी तरह की बुरी आदत को नहीं अपनाया है।
रिवाबा ने की रविंद्र जडेजा की प्रशंसा (Ravindra Jadeja Wife News)
गुजरात के द्वारका में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बोलते हुए रिवाबा ने रविंद्र जडेजा के संयमित स्वभाव पर बात की। उन्होंने कहा कि मेरे पति, क्रिकेटर रविंद्र जडेजा को क्रिकेट खेलने के लिए लंदन, दुबई और ऑस्ट्रेलिया जैसे कई देशों की यात्रा करनी पड़ती है। इसके बावजूद आज तक उन्होंने कभी किसी तरह के व्यसन को नहीं छुआ या अपनाया नहीं है, क्योंकि वह अपनी जिम्मेदारियों को समझते हैं।

बुरी आदतों में लिप्त भारतीय खिलाड़ी
रिवाबा ने आगे कहा कि जडेजा पिछले 12 सालों से घर से दूर रहे हैं, और वह जो चाहें कर सकते हैं, लेकिन वह अपने नैतिक कर्तव्य को समझते हैं। हालांकि, रिवाबा ने अपनी टिप्पणी में भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम को लेकर एक बड़ा दावा भी किया। उन्होंने कहा कि बाकी पूरी टीम सभी व्यसनों में लिप्त रहती है, लेकिन उन पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
बीयर की बोतल के साथ राहुल ने शेयर की थी तस्वीर
गौरतलब है कि, यह पहली बार नहीं है जब भारतीय क्रिकेटरों की निजी आदतों पर सार्वजनिक रूप से बात हुई है। इससे पहले साल 2016 में वेस्टइंडीज दौरे के दौरान क्रिकेटर केएल राहुल ने सोशल मीडिया पर बीयर की बोतल पकड़े हुए अपनी एक तस्वीर शेयर की थी। इस तस्वीर ने तुरंत विवाद खड़ा कर दिया था, जिसके बाद BCCI को खिलाड़ियों को सोशल मीडिया पर अधिक सावधानी बरतने और अपनी नैतिक जिम्मेदारी दिखाने के लिए एक निर्देश जारी करना पड़ा था। राहुल ने बाद में वह तस्वीर हटा दी थी।
टी-20 से संन्यास ले चुके हैं जडेजा
रिवाबा जडेजा का यह बयान ऐसे समय में आया है जब रविंद्र जडेजा खेल के दो फॉर्मेट में भारत के लिए अहम खिलाड़ी बने हुए हैं। उनका यह दावा निश्चित रूप से आने वाले दिनों में भारतीय क्रिकेट हलकों में चर्चा का विषय बना रहेगा। जडेजा ने टी-20 से भले ही संन्यास ले लिया हो लेकिन टेस्ट और वनडे में वह अभी भी अपना दमखम दिखाते नजर आ जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications