रवींद्र जडेजा के नाम होगा श्रीलंका में ऐतिहासिक रिकॉर्ड, भारत का कोई स्पिनर नहीं बना पाया यह कीर्तिमान
Ravindra Jadeja: भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम करने के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में अगर जडेजा दो विकेट लेने में सफल रहते हैं तो उनके करियर में एक नई उपलब्धि शामिल हो जाएगी। यह उपलब्धि उन्हें भारतीय क्रिकेट के महान ऑलराउंडरों की बेहद खास सूची में शामिल कर देगी।
जडेजा ने पिछले कुछ वर्षों में गेंद और बल्ले दोनों से टीम इंडिया के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। मुश्किल परिस्थितियों में विकेट निकालना हो या निचले क्रम में अहम रन बनाना, उन्होंने हर बार अपनी उपयोगिता साबित की है। अब उनकी नजर टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट पूरे करने के बड़े मुकाम पर है।

बड़े रिकॉर्ड के करीब जडेजा
फिलहाल जडेजा के नाम टेस्ट क्रिकेट में 348 विकेट दर्ज हैं। श्रीलंका में सिर्फ दो और बल्लेबाजों को आउट करते ही वह 350 विकेट का आंकड़ा छू लेंगे। यह उपलब्धि अपने आप में खास है, लेकिन इससे भी बड़ी बात यह होगी कि वह भारत के पूर्व कप्तान और महान ऑलराउंडर कपिल देव के साथ एक खास क्लब का हिस्सा बन जाएंगे। एक और ख़ास बात यह है कि वह 350 विकेट और 4000 रन वाले पहले भारतीय स्पिनर बन जाएंगे। कपिल देव तेज गेंदबाज थे, उन्होंने 434 विकेट और 5000 से ज्यादा रन बनाए थे।
भारतीय क्रिकेट में ऐसे खिलाड़ी बहुत कम रहे हैं जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में बल्ले और गेंद दोनों से लगातार प्रभाव छोड़ा हो। कपिल देव के बाद रवींद्र जडेजा ने जिस तरह ऑलराउंड प्रदर्शन किया है, उसने उन्हें आधुनिक दौर के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है। यही वजह है कि उनके इस रिकॉर्ड पर क्रिकेट प्रशंसकों की भी खास नजर रहेगी।
टीम इंडिया में कई स्पिनर
श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया में कुछ स्पिनर शामिल हैं। जडेजा के अलावा कुलदीप यादव और नए खिलाडी मानव सुथार भी हैं। उनके अलावा सारांश जैन को भी भारतीय टीम में पहली बार जगह मिली है। हालांकि सभी को खेलने का मौका मिलना मुश्किल ही है।


Click it and Unblock the Notifications
