Asia Cup 2023: एशिया कप में रविंद्र जडेजा ने अपने नाम की ये बड़ी उपलब्धि, तोड़ा इस दिग्गज का रिकॉर्ड
Asia Cup 2023: भारतीय टीम ने मंगलवार को सुपर फोर मुकाबले में श्रीलंका को 41 रन से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। कप्तान रोहित शर्मा की अर्धशतकीय पारी ने टीम का स्कोर 213 रन पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से श्रीलंका को 41.3 ओवर में 172 रन पर ढेर कर दिया। इस दौरान रविंद्र जडेजा के नाम एक बड़ी उपलब्धि भी दर्ज हो गई।
टीम इंडिया के बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जड़ेजा अब एशिया कप के वनडे फॉर्मेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। दरअसल, टूर्नामेंट के इतिहास में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान से आगे निकलने के लिए जडेजा को सिर्फ विकेट की जरूरत थी।

एशिया कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय बने जडेजा
रवींद्र जडेजा ने श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका को आउट करते ही वनडे एशिया कप के इतिहास में भारत की ओर से सबसे अधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उनके विकेट की कुल संख्या 23 हो गई। इसके साथ ही उन्होंने इरफान पठान का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया।
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान के नाम एशिया कप के 12 मैचों में 22 विकेट दर्ज हैं। पठान ने 2004, 2008 और 2012 में इस टूर्नामेंट में खेला था। रवींद्र जडेजा ने अपने एशिया कप करियर में अब तक 18 मैच खेले हैं। वह एशिया कप 2023 में भाग लेने वाले मौजूदा खिलाड़ियों के बीच टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। शाकिब अल हसन 17 मैचों में 21 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
मुथैया मुरलीधरन के नाम हैं सबसे ज्यादा विकेट
एशिया कप के वनडे फॉर्मेट में ओवरऑल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में पहले नंबर पर श्रीलंका के पूर्व गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन हैं, जिनके नाम 24 मैचों की सभी पारियों में 30 विकेट है। इस लिस्ट में लसिथ मलिंगा 14 मैचों में 29 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि अजंता मेंडिस सिर्फ 8 मैचों में 26 विकेट के साथ लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। रवींद्र जड़ेजा इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं।
2010 में श्रीलंका में डेब्यू के बाद से रवींद्र जडेजा अपना 5वां 50 ओवर का एशिया कप खेल रहे हैं। वह अपने करियर में एक और उपलब्धि हासिल करने के करीब हैं। इस खेल में उतरने से पहले अपने 200 वनडे विकेट पूरे करने के लिए जडेजा को 3 और विकेट की जरूरत थी, उन्हें श्रीलंका के खिलाफ 2 विकेट मिले हैं और भारत के लिए 200 वनडे अंतरराष्ट्रीय विकेटों के साथ खास लिस्ट में शामिल होने के लिए उन्हें एक और विकेट की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications