MS Dhoni: पूर्व भारतीय कोच ने कैप्टन कूल को लेकर किया बड़ा दावा, बोले- IPL में उनकी बराबरी करना आसान नहीं
IPL 2023: रवि शास्त्री ने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग में महेंद्र सिंह धोनी द्वारा बनाई विरासत को छूना किसी के लिए भी बहुत मुश्किल होगा। उन्होंने कैप्टन कूल के आईपीएल करियर पर बातचीत करते हुए धोनी की जमकर प्रशंसा की।

IPL 2023 Final: महेंद्र सिंह धोनी के धुरंधरों ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांचवीं बार आईपीएल 2023 का चैंपियन बना दिया। सीएसके ने फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। धोनी ने अपने शानदार नेतृत्व के दम पर इस बड़ी उपलब्धि को हासिल किया है। इस बीच रवि शास्त्री ने कैप्टन कूल की जमकर प्रशंसा की है।
रवि शास्त्री ने स्टार स्पोर्टस से बात करते हुए कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग में महेंद्र सिंह धोनी द्वारा बनाई गई विरासत तक पहुंचना किसी के लिए भी बहुत मुश्किल होगा। उन्होंने कैप्टन कूल के आईपीएल करियर पर बातचीत करते हुए कहा कि, 250 आईपीएल मैचों के लिए एमएस धोनी की फिटनेस को सलामी है। कोई भी इस टूर्नामेंट में उस प्रकार की विरासत छोड़ने का दम नहीं रख सकेगा, जो छाप धोनी छोड़ रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि, धोनी को पूरा चेन्नई और तमिलनाडु थला कहता है। झारखंड के एक इंसान को दक्षिणी भारत के चेन्नई सुपर किंग्स के प्रशंसकों के द्वारा प्राप्त प्यार और सम्मान इस क्रिकेटर की महानता की प्रमाणिकता है।
दरअसल, इस सीजन महेंद्र सिंह धोनी को बहुत अधिक खेलने का मौका नहीं मिला, क्योंकि उन्होंने खुद को पीछे रखकर युवा खिलाड़ियों को अपना प्रदर्शन दिखाने का मौका दिया। इसके बाद भी धोनी ने बल्ले से चौके और छक्कों की खूब बरसात की। इस दौरान कुछ मैच फिनिश करने का भी उन्हें मौका मिला।
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2023 की 12 पारियों में 26 की औसत और 182.45 की स्ट्राइक रेट से 104 रन बनाए। इस दौरान एमएस के बल्ले से 10 बड़े छक्के देखने को मिले। इस सीजन माही का बेस्ट स्टोर 32 रन रहा।
इधर, चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज शिवम दुबे ने कहा कि टीम को आगे बढ़ाने के लिए कप्तान एमएस धोनी की जरूरत है। धोनी ने आईपीएल 2023 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराकर सीएसके को पांचवीं बार टूर्नामेंट का चैंपियन बना दिया। दुबे ने कहा कि धोनी ने उनका परिचय विचारों की स्पष्टता से कराया है। उन्होंने कहा कि, 'मुझे नहीं पता कि वह अगले सीजन में खेलेंगे या नहीं, लेकिन हमें उनकी जरूरत है, ताकि हम खुद के बेहतर बना सकें। माही भाई से मुझे सोचने की स्पष्टता मिली है।












Click it and Unblock the Notifications