सालों पहले ही इस खिलाड़ी की कमजोरी को जान गए थे Ravi Shastri, कर दी थी ये भविष्यवाणी
श्रेयस अय्यर की शॉर्ट बॉल के खिलाफ उनकी कमजोरी पूरी दुनिया के सामने आ गई थी।
नई दिल्ली, 11 अगस्त: आगामी एशिया कप के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। टी20 टूर्नामेंट के लिए शानदार फॉर्म में चल रहे श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) को टीम में जगह नहीं मिली है। अय्यर को अक्षर पटेल और दीपक चाहर के साथ रिजर्व प्लेयर्स में रखा गया है। हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर खेले गए रिशेड्यूल एजबेस्टन टेस्ट मैच में श्रेयस अय्यर की शॉर्ट बॉल के खिलाफ उनकी कमजोरी पूरी दुनिया के सामने आ गई थी। अय्यर की इसी कमजोरी को लेकर भारतीय टीम के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) ने बहुत पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी।
ये भी पढ़ें- 'जो कहा, वो करता गया, एशिया कप आया तो उसकी जगह अश्विन को दे दी', हैरानी में उठा सवाल

फील्डिंग कोच ने किया खुलासा
टीम इंडिया के पूर्व फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने श्रेयस अय्यर को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। श्रीधर का ऐसा कहना है कि अय्यर की शॉर्ट बॉल के खिलाफ परेशानी को देखकर रवि शास्त्री ने पहले ही बड़ी भविष्यवाणी कर डाली थी। शास्त्री ने कहा था कि इस बच्चे पर बहुत काम करना पड़ेगा।
एजबेस्टन टेस्ट की दूसरी पारी में अय्यर मैटी पॉट्स के खिलाफ शॉर्ट-पिच गेंद पर आउट हुए थे। उनके विकेट में इंग्लैंड टीम के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम का बड़ा हाथ था। मैकुलम ने ड्रेसिंग रूम से इंग्लैंड के गेंदबाजों को अय्यर के खिलाफ शॉर्ट बॉल करने को कहा था।

क्या बोले श्रीधर
क्रिकेट डॉट कॉम से बात करते हुए श्रीधर ने कहा, ''यह परेशानी पहले से है, हम इसे पहले भी देख चुके हैं, ऐसा नहीं है कि यह अभी की बात है। मुझे 2018 में पोर्ट एलिजाबेथ का एक किस्सा याद है। श्रेयस ने अपना डेब्यू श्रीलंका के खिलाफ भारत में किया था और इसके तुरंत बाद हम साउथ अफ्रीका दौरे पर मल्टी फॉर्मेट सीरीज के लिए गए थे। अगर मैं गलत नहीं हूं तो अय्यर को चौथे वनडे में खेलने का मौका मिला था। वह मोर्न मोर्केल के सामने बैटिंग करने गए और मोर्केल ने उन्हें शॉर्ट गेंद फेंकी और अय्यर थर्ड मैन पर हवा में खेल दिया।''

शास्त्री को पता चल गई थी कमजोरी
श्रीधर ने आगे कहा, ''रवि शास्त्री उस समय मेरे बगल में बैठे हुए थे, उन्होंने कहा- श्री, ये बच्चे पर बहुत काम करना पड़ेगा। शास्त्री ने बस एक गेंद देखी थी, मुझे यकीन है कि अय्यर इस पर कड़ी मेहनत कर रहे होंगे। हेड कोच राहुल द्रविड़, बैटिंग कोच विक्रम राठौर जैसे बड़े नाम हैं, दोनों मिलकर अय्यर को इस कमजोरी से बाहर निकालने पर काम कर रहे होंगे। उसके पास मुंबई में अपना पर्सनल कोच भी होगा मुझे लगता है वह उससे भी बात कर रहा होगा।''

सब दिमाग का खेल है
आर श्रीधर के मुताबिक, ''मेरा ऐसा मानना है कि यह सबकुछ आपके दिमाग में होता है। अय्यर सुपर फिट है, उसके पास अच्छी तकनीक है। उसने जिस दिन शॉर्ट पिच गेंद का तोड़ निकाल लिया, उसके बाद गेंदबाजों को उसको आउट करना मुश्किल हो जाएगा। यह सिर्फ समय की बात है कि वह इस कमजोरी से कैसे और कब निपटता है।''

इस साल बनाए सबसे ज्यादा रन
इस साल टी20 इंटरनेशनल में श्रेयस अय्यर भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी है। 27 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज ने इस साल 15 T20I मैचों में 44.90 की औसत और 143 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 449 रन बनाए हैं। 14 पारियों में वह 4 बार 50+ का स्कोर बना चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications