Rajgir Stadium: राजगीर स्टेडियम में CM ने बांट दिए 8 करोड़ रुपये, 87 खिलाड़ियों को दी गई सरकारी नौकरी!
Rajgir Stadium CM Nitish Kumar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने रविवार को नालंदा जिले के राजगीर में नवनिर्मित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और इसके पवेलियन का उद्घाटन किया। यह सुविधा बिहार में खेल संस्कृति को नई ऊंचाई पर ले जाने और राजगीर को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय खेल पर्यटन के नक्शे पर स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
खिलाड़ियों ने ताली बजाकर किया स्वागत (Rajgir Stadium CM Nitish Kumar News)
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पवेलियन का निरीक्षण किया और मैदान की समीक्षा की। इस दौरान वहां मौजूद खिलाड़ियों ने ताली बजाकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार राजगीर का यह ICS 18 एकड़ भूमि पर बना है और इसमें लगभग 40,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। इसके साथ ही इसमें और भी कई सुविधाएं दी गई है।

खास तरीके से तैयार की गई है पिचें
स्टेडियम में एक ग्राउंड प्लस पांच मंजिल का पवेलियन बनाया गया है। पिच को विशेष रूप से तैयार किया गया है। इसमें छह पिचें महाराष्ट्र से लाई गई लाल मिट्टी से और सात पिचें मोकामा की काली मिट्टी से बनाई गई हैं। बारिश के दौरान जल निकासी के लिए एक उच्च क्षमता वाला ड्रेनेज सिस्टम भी विकसित किया गया है। जिससे बारिश के बाद दोबारा मैच को जल्द से जल्द शुरू किया जा सकता है।
जल्द हो सकता है अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों का आयोजन
स्टेडियम में खिलाड़ियों और दर्शकों की बुनियादी सुविधाओं का खास ध्यान रखा गया है। इसमें खिलाड़ियों के लिए विशेष पवेलियन, कोच और मैनेजरों के लिए आरक्षित बैठने की व्यवस्था, VVIP मेहमानों के लिए विशेष स्टैंड और मीडिया के लिए एक गैलरी शामिल है। बीसीसीआई मानकों के अनुरूप तैयार यह मैदान जल्द ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी करने में सक्षम होगा।
'पदक लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत सम्मान
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने 'पदक लाओ नौकरी पाओ' योजना के तहत इस साल राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले 87 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपे। इन खिलाड़ियों में 39 महिलाएं और 48 पुरुष शामिल हैं, जिन्हें उनकी योग्यता के अनुसार विभिन्न विभागों में नियुक्त किया गया है।
812 खिलाड़ियों के बीच बांटे गए 8 करोड़
मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से पुलिस सब-इंस्पेक्टर के रूप में चयनित 10 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए, जिनमें आठ महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने तीन अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों शैलेश कुमार को 75 लाख, बॉबी कुमार को 35 लाख और गोल्डी कुमारी को 10 लाख का खेल पुरस्कार राशि का चेक प्रदान किया। इस वर्ष कुल 812 खिलाड़ियों के बीच लगभग 8 करोड़ की पुरस्कार राशि वितरित की गई।












Click it and Unblock the Notifications