फोन इस्तेमाल करने पर राजस्थान रॉयल्स का अजीब जवाब, BCCI के नोटिस के बाद कहा- मैनेजर के फेफड़े खराब
IPL 2026: आईपीएल 2026 में लगातार जीत दर्ज कर रही राजस्थान रॉयल्स की टीम अब एक नए विवाद में फंस गई है। टीम के मैनेजर रोमी भिंडर को मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए देखा गया, जिसके बाद बीसीसीआई की एंटी-करप्शन यूनिट (ACSU) ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। यह मामला 10 अप्रैल को गुवाहाटी के मैदान पर बेंगलुरु के खिलाफ हुए मुकाबले का है।
नियमों के तहत मैच के दौरान डगआउट में किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित है। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स ने इस मामले में सफाई देते हुए इसे एक गंभीर मेडिकल इमरजेंसी से जोड़ा है, जो मैनेजर के साथ रही है।

जानलेवा बीमारी से बाहर आए हैं रोमी भिंडर
इंडियंस एक्सप्रेस के अनुसार बताया गया है कि रोमी भिंडर हाल ही में एक जानलेवा बीमारी से उभरे हैं, जिसमें उनके दोनों फेफड़े खराब हो गए थे। वह एक हफ्ते तक वेंटिलेटर पर थे और करीब एक महीने तक नागपुर के अस्पताल में भर्ती रहे थे। इसी इमरजेंसी की वजह से मोबाइल उनके पास था, वह रजस्थान में लंबे समय तक टीम के साथ अलग-अलग पदों पर रहे हैं इसलिए नियमों के बारे में जानकारी है।
टीम मैनेजर का घट गया काफी वजन
गंभीर बीमारी के कारण भिंडर ने अपना 10 किलो वजन खो दिया है और उन्हें अस्थमा की भी समस्या है। टीम सूत्रों का कहना है कि वह फोन पर किसी से बात नहीं कर रहे थे, बल्कि केवल उसे देख रहे थे। फिलहाल बीसीसीआई मामले की जांच कर रहा है और दोषी पाए जाने पर उन पर जुर्माना या बैन लगाया जा सकता है। रोमी भिंडर जल्द ही अधिकारियों के सामने अपनी सफाई पेश करेंगे।
गौरतलब है कि फोन और लैपटॉप इस्तेमाल करने के लिए प्रोटोकाल होता है। डगआउट में लाने के लिए तो एकदम सख्त नियम है। अब सबकी नजरें रोमी भिंडर के जवाब और बीसीसीआई के फैसले पर टिकी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications