ऋषभ पंत की सेंचुरी पर राहुल द्रविड़ का सेलिब्रेशन हुआ वायरल, लोग बोले- उन्हें पहले कभी ऐसे नहीं देखा
बर्मिंघम, जुलाई 02। टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भारतीय टीम के ही कोच राहुल द्रविड़ के कितने चहेते हैं यह हर कोई जानता है। ऋषभ, श्रेयस अय्यर और पृथ्वी शॉ जैसे खिलाड़ियों को निखारने में राहुल द्रविड़ का बहुत बड़ा योगदान है, लेकिन इन सभी में से पंत के उपर द्रविड़ का कुछ अधिक ही भरोसा है। शुक्रवार को बर्मिंघम टेस्ट के पहले दिन जब ऋषभ पंत ने अपने टेस्ट करियर का पांचवां शतक पूरा किया तो राहुल द्रविड़ की खुशी देखते ही बनती थी। पंत के शतक पर द्रविड़ का सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

द्रविड़ ने पंत की सेंचुरी का गर्मजोशी भरे अंदाज में किया सेलिब्रेशन
आपको बता दें कि ऋषभ पंत ने 89 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और उस पारी को आगे जारी रखते हुए पंत ने 111 गेंदों में 146 रन रन बनाए। पंत ने अपनी इस पारी में 19 चौके और 4 छक्के लगाए। मैच के 58 वें ओवर में जैसे ही पंत ने दो रन लेकर अपना शतक पूरा किया ठीक वैसे ही ड्रेसिंग रूम में बैठे द्रविड़ अपनी सीट पर खड़े हो गए और अपने दोनों हाथों को उपर कर वो जोर से चिल्लाए।

द्रविड़ का सेलिब्रेशन हुआ वायरल
आपको बता दें कि द्रविड़ को बहुत ही शांत स्वभाव का खिलाड़ी माना जाता है। अक्सर द्रविड़ को इस तरह का सेलिब्रेशन करते हुए नहीं देखा गया फिर चाहे वो उनका खुद का ही शतक क्यों ना हो। द्रविड़ ने पंत के लिए खड़े होकर तालियां बजाईं। द्रविड़ का यह सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यूजर्स का भी यही कहना है कि उन्होंने पहले द्रविड़ को ऐसा सेलिब्रेशन करते हुए नहीं देखा है।

पंत ने जडेजा के साथ मिलकर संभाली भारतीय पारी
आपको बता दें कि ऋषभ पंत ने अपने टेस्ट करियर का पांचवां और इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा शतक पूरा किया। उन्होंने जडेजा के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 222 रन की साझेदारी की। पंत और जडेजा की इसी साझेदारी के चलते दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 7 विकेट के नुकसान पर 338 रन बना दिए थे। क्रीज पर रवींद्र जडेजा 83 रन पर और मोहम्मद शमी शून्य पर टिके हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications