U19 WC 2022: सेमीफाइनल के लिये तय हो गई हैं 4 टीमें, जानें भारत समेत किसने किया क्वालिफाई, कब होंगे मैच

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले जा रहे आईसीसी के अंडर 19 विश्वकप टूर्नामेंट के चारों क्वार्टरफाइनल मैच शनिवार को समाप्त हो गये हैं, जिसके साथ ही फैन्स को युवा खिलाड़ियों की कैटेगरी के इस मल्टी नेशनल टूर्नामेंट की टॉप 4 टीमें मिल गई हैं। इन 4 टीमों के बीच सेमीफाइनल और फाइनल खेला जायेगा, जिसके बाद फैन्स को अंडर 19 विश्वकप 2022 के विजेता का नाम पता लगेगा। आईसीसी की ओर से आयोजित किये जा रहे इस मल्टी नेशन टूर्नामेंट के लिये इंग्लैंड, अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहले ही क्वालिफाई कर लिया था जिसके बाद सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम के लिये भारत और बांग्लादेश के बीच आखिरी क्वार्टरफाइनल मुकाबला खेला गया।
इस क्वार्टरफाइनल मैच में भारत की अंडर 19 टीम पिछले संस्करण में 5वां विश्वकप खिताब अपने नाम न कर पाने का बदला लेने के लिये उतरी, जहां पर उसे बांग्लादेश की टीम के हाथों ही हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम ने अपनी उस हार का बखूबी बदला लिया और बांग्लादेश की टीम को 111 रन पर समेट दिया। वहीं रनों का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 30.5 ओवर्स में 5 विकेट खोकर मैच को जीत लिया, जिसमें कुशल तांबे ने छक्का लगाकर मैच के आखिरी रन बनाये।
और पढ़ें: Legends League Cricket के फाइनल में हुई छक्कों की बरसात, वर्ल्ड जाएंटस ने जीता पहला खिताब

जाने किस टीम के बीच कब खेला जायेगा सेमीफाइनल
इस जीत के साथ ही भारत अंडर 19 विश्वकप 2022 के सेमीफाइनल में क्वालिफाई करने वाली चौथी टीम बन गई और आगे के मैचों का शेड्यूल भी तय हो गया। इस टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मैच एक फरवरी को खेला जाना है, जिसमें इंग्लैंड की टीम का सामना अफगानिस्तान से होगा तो वहीं पर 2 फरवरी को खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल मैच में भारतीय टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। उल्लेखनीय है कि सेमीफाइनल मैच में पहुंचने के लिये जहां इंग्लैंड की टीम ने साउथ अफ्रीका को 6 विकेट से हराया तो वहीं पर अफगानिस्तान की टीम ने 4 रनों से रोमांचक जीत हासिल की। वहीं पर ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पाकिस्तान को 119 रनों से रौंदा तो भारत ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल के लिये क्वालिफाई किया है। दोनों सेमीफाइनल मैच भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे से खेले जायेंगे, जिनका प्रसारण हॉटस्टार पर किया जायेगा।

कोरोना से उबर चुके हैं भारतीय खिलाड़ी
गौरतलब है कि अंडर 19 विश्वकप के पहले मैच के बाद ही भारतीय टीम के कप्तान यश ढुल और उपकप्तान एसके रशीद समेत 6 खिलाड़ी कोरोना वायरस के संक्रमण का शिकार हो गये थे, हालांकि निशांत संधु की कप्तानी में बची हुई 11 सदस्यीय टीम ने जीत का सिलसिला जारी रखते हुए टीम को क्वार्टर फाइनल के लिये क्वालिफाई करा दिया। भारतीय फैन्स के लिये अच्छी बात यह है कि बांग्लादेश के खिलाफ खेले गये क्वार्टरफाइनल मैच के दौरान टीम के नियमित कप्तान यश ढुल फिट होकर वापसी कर चुके हैं तो वहीं पर कोरोना संक्रमित अन्य खिलाड़ियों ने भी इस महामारी के खिलाफ जंग जीत ली है। ऐसे में जब सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा तो वो अपनी पूरी ताकत के साथ मैदान पर उतर सकती है।

जानें कैसे लिया भारत ने हार का बदला
आपको बता दें कि एंटिगुआ के मैदान पर खेले गये चौथे क्वार्टरफाइनल मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और रवि कुमार के दम पर जबरदस्त शुरुआत भी की। रवि कुमार ने भारतीय टीम को जबरदस्त शुरुआत दिलाते हुए पहले 8 ओवर के अंदर 3 विकेट चटका दिये जिसमें बांग्लादेश की टीम 14 रन ही बना सकी थी। इसके बाद बांग्लादेश की टीम कभी वापसी नहीं कर सकी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते हुए 111 रन पर ऑल आउट हो गई। भारत के लिये रवि कुमार ने 3 विकेट चटकाये तो वहीं पर विक्की ओसवाल ने भी 2 विकेट अपने नाम किये। हांगरेकर, तांबे और रघुवंशी के खाते में भी एक-एक विकेट आया।
जवाब में 112 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने दूसरे ओवर में ही हरनूर सिंह (0) का विकेट खो दिया। हालांकि अंगरिक्ष रघुवंशी (44) और शेख रशीद (29) ने दूसरे विकेट के लिये 70 रनों की साझेदारी कर मैच पर पूरी तरह से कब्जा जमा लिया। बांग्लादेश के लिये रिपोन मंडल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अगले कुछ ओवर्स में 4 विकेट चटका दिये, जिसकी वजह से भारतीय टीम खतरे में जरूर नजर आयी लेकिन कौशल तांबे ने 31वें ओवर में छक्का जड़कर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।












Click it and Unblock the Notifications