पार्थिव पटेल ने उठाए थे T20I में अश्विन के चयन पर सवाल, पाकिस्तानी खिलाड़ी बोला- दिक्कत क्या है?
भारतीय विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने T20I में रविचंद्रन अश्विन (R Ashwin) के चयन पर सवाल उठाए थे।
नई दिल्ली, 4 अगस्त: हाल ही में पूर्व भारतीय विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने T20I में रविचंद्रन अश्विन (R Ashwin) के चयन पर सवाल उठाए थे। पार्थिव का कहना था कि अश्विन की टी20 वर्ल्ड कप टीम में कोई जगह नहीं बनती। उनके मुताबिक, इस फॉर्मेट में आपको वैरायटी चाहिए, जो अश्विन के पास नहीं है। वहीं, पूर्व पाकिस्तानी विकेटकीपर कामरान अकमल का ऐसा कहना है कि अश्विन ने फिर से खुद को साबित किया है और उनकी फॉर्म वर्ल्ड कप को देखते हुए भारत के लिए अच्छा संकेत है।
ये भी पढ़ें- जो सहवाग और गंभीर ना कर सके, वो हिटमैन के बाद Smriti Mandhana ने कर दिखाया

8 महीने बाद हुई वापसी
आर अश्विन की पूरे 8 महीने के बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी हुई है। पिछले साल यूएई में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में अश्विन ने करीब चार साल के बाद इस फॉर्मेट में कमबैक किया था। फिर वो न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में भी खेले थे, लेकिन इसके बाद उनको इस फॉर्मेट से ड्रॉप कर दिया गया। अब चयनकर्ताओं ने एक बार फिर से अनुभवी स्पिनर पर भरोसा जताया है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरुआती 3 T20I मैचों में उन्होंने 3 विकेट हासिल किए हैं और अभी तक बढ़िया लय में भी नजर आए हैं।

अश्विन एक अनुभवी खिलाड़ी है
कामरान अकमल ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''रविचंद्रन अश्विन एक अनुभवी खिलाड़ी हैं और टी20 वर्ल्ड कप से पहले उनकी फॉर्म भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत अच्छे संकेत है। उन्होंने अपनी विविधताओं से एक बार फिर प्रभावित किया। उन्हें टी20 क्रिकेट खेलने का काफी अनुभव है और वह मैच विनर हैं।''
अकमल ने आगे कहा, ''जब आपके पास बीच के ओवरों में गेंदबाजी करने के लिए रविचंद्रन अश्विन जैसा कोई बॉलर होता है, तो यह टीम के आत्मविश्वास को बढ़ाता है।''

पार्थिव ने दिया था ये बयान
दूसरी ओर क्रिकबज के शो पर पार्थिव पटेल ने आर अश्विन को लेकर कहा था कि, ''मैं अश्विन की जगह पर रवि बिश्नोई को देखना चाहूंगा। मैं ईमानदारी से कहूं तो मैं अश्विन को टी20 विश्व कप खेलते हुए नहीं देखता। मुझे कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई और युजवेंद्र चहल में विविधता चाहिए। रिस्ट स्पिनर बीच-बीच में वह आक्रामक विकल्प देते हैं, जो अश्विन आपको नहीं देते।''

4 T20I वर्ल्ड कप खेल चुके हैं अश्विन
35 वर्षीय आर अश्विन भारत के लिए अभी तक कुल 4 टी20 वर्ल्ड कप खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 18 मुकाबलों में 15.26 की शानदार औसत से कुल 26 विकेट हासिल किए हैं। 18 मैचों में दिग्गज ऑफ स्पिनर ने कुल 3 बार मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता है। पिछले टी20 वर्ल्ड कप में अश्विन ने 3 मैचों में 10.50 की बेहतरीन औसत से कुल 6 विकेट लिए थे।
ओवरऑल इस फॉर्मेट में भारत की ओर से वह 54 मैचों में 64 खिलाड़ियों को आउट कर मैदान से बाहर का रास्ता दिखा चुके हैं।

IPL में भी किया था प्रभावित
आईपीएल 2022 में भी अश्विन का प्रदर्शन काफी सराहणीय रहा था। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 17 मैचों में कुल 12 विकेट चटकाए थे। गेंद के अलावा उन्होंने बल्ले से भी 28 की औसत और 142 के जोरदार स्ट्राइक रेट से कुल 191 रन जोड़े थे, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल था।












Click it and Unblock the Notifications