काउंटी मैदान पर बल्ले से आग बरसाने के बाद, आइस कैंडी का आनंद लेते नजर आए पृथ्वी शॉ, देखें तस्वीर
Prithvi Shaw: टीम इंडिया से बाहर चल रहे युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ इंग्लैंड में अपने बल्ले से आग बरसा रहे हैं, उन्होंने डोमेस्टिक वनडे कप में अपने विस्फोटक प्रदर्शन ने सभी को हैरान कर दिया है। शॉ ने बुधवार को काउंटी ग्राउंड में नॉर्थम्पटनशायर के लिए 244 रन बनाकर इतिहास रच दिया।
इस धुरंधर बल्लेबाज ने 11 छक्के और 28 चौके लगाकर समरसेट के गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिये। इस यादगार प्रदर्शन के बाद, शॉ ने मैच से एक दिन की छुट्टी लेकर जमकर एन्जॉय किया। दरअसल, गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से युवा खिलाड़ी ने आइस कैंडी का आनंदर लेते हुए एक स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, 'आज तो बनता है।'

गौरतलब है कि शॉ की 153 गेंदों पर 244 रन की पारी लिस्ट ए क्रिकेट में नॉर्थम्पटनशायर के बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर भी है। यह लिस्ट ए के इतिहास में छठा सबसे बड़ा स्कोर भी है। समरसेट पर नॉर्थम्पटनशायर की 87 रनों की जीत के बाद, पृथ्वी शॉ ने कहा कि वह इस बात पर ध्यान केंद्रित नहीं करना चाहते हैं कि भारतीय चयनकर्ता उनके काउंटी क्रिकेट के बारे में क्या सोचेंगे।
शॉ ने खेल के बाद कहा कि, 'वास्तव में मैं यह नहीं सोच रहा कि भारतीय चयनकर्ता क्या सोच रहे होंगे, लेकिन मैं यहां सिर्फ अच्छा समय बिताना चाहता हूं।' शॉ ने खुद को मौका देने के लिए नॉर्थम्पटनशायर को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, 'नॉर्थम्पटनशायर ने मुझे यह मौका दिया है, वे वास्तव में मेरा ख्याल रख रहे हैं। मैं इसका आनंद ले रहा हूं।'

उम्मीद है कि शॉ को अगली बार एक्शन में देखा जाएगा, जब नॉर्थम्पटनशायर रविवार को चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में डरहम से भिड़ेगा। यह बल्लेबाज आगामी मैचों में भी अपनी फॉर्म जारी रखना चाहेगा और उम्मीद करेगा कि वह राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नजरों में वापस आ जाए।
शॉ ने इस साल के इंडियन प्रीमियर लीग में फॉर्म के लिए संघर्ष किया और दिल्ली कैपिटल्स के लिए आठ मैचों में सिर्फ 106 रन बनाए। हालांकि, नॉर्थम्पटनशायर के साथ अच्छा प्रदर्शन संभावित रूप से उनके करियर को एक नया जीवन दे सकता है। 23 वर्षीय खिलाड़ी आखिरी बार जुलाई 2021 में श्रीलंका के खिलाफ भारतीय प्लेइंग इलेवन में शामिल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications