'हमारी टीम खतरे में हो सकती थी', रमीज राजा ने पाक दर्शकों को पीटने वाले अफगानी फैंस पर निकाला गुस्सा
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच एशिया कप में बुधवार को खेले गए मुकाबले में काफी कुछ देखने को मिला। दोनों ही देशों के फैंस आखिरी ओवर तक अपनी टीम को जोर-शोर के साथ सपोर्ट कर रहे थे।
नई दिल्ली, 8 सितंबर। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच एशिया कप में बुधवार को खेले गए मुकाबले में काफी कुछ देखने को मिला। दोनों ही देशों के फैंस आखिरी ओवर तक अपनी टीम को जोर-शोर के साथ सपोर्ट कर रहे थे। 19वें ओवर में अफगानिस्तान की टीम ने आसिफ अली को आउट कर लगभग जीत पक्की कर ली थी, लेकिन अंतिम ओवर में नसीम शाह ने आकर दो छक्के जड़ पाकिस्तान को जीत दिला दी।

मैच के बाद झगड़ पड़े थे फैंस
मैच के बाद पाकिस्तान-अफगानिस्तान फैंस के बीच में लड़ाई देखने को मिली। मैच को इतना करीब आकर खोने के बाद अफगानिस्तानी फैंस अपने इमोशन पर काबू नहीं रख सके और स्टेडियम में ही रोने लगे। इस हार के बाद खिलाड़ी भी बेहद निराश नजर आए। मैच खत्म होने के साथ ही स्टेडियम में अफरा-तफरी देखने को मिली। अफगानी फैंस पाकिस्तानी प्रशंसकों पर कुर्सियां फेंकते नजर आए।

रमीज राजा करेंगे आईसीसी से शिकायत
मैच के बाद इंटरनेट पर इस घटना से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो वायरल होने लगी। फैंस द्वारा किए जाने वाले तोड़-फोड़ के बाद शारजाह क्रिकेट स्टेडियम को भी काफी नुकसान पहुंचा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रमीज राजा ने अब इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। रमीज राजा ने कहा कि वह इसकी शिकायत आईसीसी से करेंगे।

ऐसी घटनाओं से माहौल खराब होता है
एशियाई क्रिकेट परिषद की ओर से भी इस घटना को लेकर किसी तरह का कोई बयान नहीं आया है। रमीज राजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि क्रिकेट में ये सब नहीं होना चाहिए। इससे माहौल खराब होता है, हम इसके खिलाफ आईसीसी को लेटेर लिखेंगे और आवाज उठाएंगे। जो भी हम कर सकते हैं, हम वो सभी चीजें करने का प्रयास करेंगे। जीत-हार मैदान में होता है, फैंस को अपने इमोशन पर काबू रखना चाहिए था।

तूफान-ए-बदतमीजी को लेकर लिखेंगे लेटर
उन्होंने आगे कहा कि माहौल अगर नहीं होगा आपका तो फिर आप एक क्रिकेट प्लेइंग नेशन के तौर पर आगे नहीं बढ़ सकते। इस मसले पर हम बिल्कुल पत्र लिखेंगे और अपनी चिंता जाहिर करेंगे। टीम भी हमारी खतरे में हो सकती थी। रमीज राजा ने स्टेडियम में घटी घटना को तूफान-ए-बदतमीजी करार दिया। उन्होंने कहा कि जो भी प्रोटोकॉल होगा, उसके अनुसार आगे शिकायत की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications