DC vs LSG: दिल्ली की हार के बावजूद खुश हैं पृथ्वी शॉ, आतिशी पारी नहीं ये है कारण
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 15वां मैच मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया, जहां पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम का सामना लखनऊ सुपरजाएंटस से हुआ। आखिरी ओवर तक रोमांच से भरे इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इस मैच में कई ऐसी चीजें हुई जो कप्तान ऋषभ पंत के लिये सकारात्मक रही तो कई चीजों ने दोबारा सोचने पर मजबूर किया है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मैच में सिर्फ 149 रनों का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने 2 गेंद पहले मैच को खत्म कर दिया।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिये उसके सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने इस मैच में 34 गेंदों का सामना कर ताबड़तोड़ 61 रनों की पारी खेली जिसने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई लेकिन बाकी की टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी और निर्धारित 20 ओवर्स में 3 विकेट खोकर सिर्फ 149 रन का ही स्कोर खड़ा कर सकी।
और पढ़ें: DC vs LSG: अंपायर ने क्यों बीच ओवर में नॉर्खिया को गेंदबाजी से रोका, लगा दिया बॉलिंग से बैन

हार के बावजूद खुश हैं पृथ्वी शॉ
लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ इस मैच में मिली 6 विकेट से हार के बावजूद सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ मायूस नहीं है और उन्होंने आगे बढ़ते हुए टीम की रणनीति पर बात की। शॉ ने कहा कि हम इस मैच में मिली पॉजिटिव चीजों पर ध्यान लगायेंगे और गलतियों को सुधारेंगे।
उन्होंने कहा, "हम लखनऊ सुपर जाएंटस के खिलाफ एक बल्लेबाजी यूनिट के रूप में अपना लक्ष्य हासिल नहीं कर सके लेकिन हमें जिस तरह की शुरुआत मिली थी, वह हमारे लिए काफी सकारात्मक बात थी। हम अपने दिमाग में कोई नकारात्मक बात नहीं रखेंगे और अपने अगले मैच पर फोकस करेंगे।"

हमने अंत तक लड़ाई की
पृथ्वी शॉ का मानना है कि अगले मैच से पहले टीम को कुछ छोटे-मोटे सुधार करने की जरूरत होगी लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इस हार की वजह से हमारा मनोबल टूट गया है।
उन्होंने कहा, "सभी खिलाड़ियों को मैदान पर एक-दूसरे को जानने में समय लगेगा। आज हमें पता चल गया है कि एक टीम के तौर पर हम क्या कर सकते हैं। भले ही हम अधिक रन नहीं बना सके लेकिन हम अंत तक लड़े और और इस दौरान हर किसी को हर किसी का साथ मिला। हमें आगे के मैचों मे जीत हासिल करने के लिए बस कुछ छोटे सुधार करने की जरूरत है और आशा है कि हम फिर से जीत की पटरी पर लौट आएंगे।"

वॉर्नर के साथ खेलना रहा शानदार
गौरतलब है कि पृथ्वी शॉ ने सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर के साथ बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिये 67 रनों की साझेदारी की थी, जो कि इस सीजन अपना पहला मैच खेल रहे थे। मैच के बाद जब शॉ से उनका अनुभव पूछा गया तो उन्होंने कहा काफी मजा आया।
उन्होंने कहा, "वॉर्नर पिछले 10 ज्यादा सालों से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं। एक फैन के तौर पर मैंने यह देखा और महसूस किया है कि वह किस अंदाज में गेंद पर पलटवार करते हैं। मैं इस बात का कायल हूं। मुझे नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े होकर एक बल्लेबाज को छक्के और चौके मारते देखना पसंद है। लखनऊ सुपर जाएंटस के खिलाफ डेविड के साथ बल्लेबाजी करने का अनुभव शानदार था और एक बार जब हम अच्छी आपसी समझ बना लेंगे तो फिर उनके साथ बल्लेबाजी करना और भी बेहतर हो जाएगा।"

अगले मैच में पंत से होगी अय्यर की भिड़ंत
आपको बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम अब तक 3 मैच खेल चुकी है जिसमें उसे सिर्फ एक जीत और दो में हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपना अगला मैच रविवार, 10 अप्रैल 2022 को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलेगी। इस मैच में दिल्ली के नये कप्तान और पूर्व कप्तान के बीच रोमांचक मुकाबला देखने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications