पप्पू यादव के बेटे ने की छक्कों की बारिश, तूफानी 95 रन ठोक अकेले दिलाई टीम को जीत, टीम इंडिया में होगी एंट्री?
Sarthak Ranjan: दिल्ली प्रीमियर लीग में मंगलवार की शाम अरुण जेटली स्टेडियम में एक बार फिर कप्तान सार्थक रंजन का बल्ला जमकर बोला। शतक भले ही उनसे पांच रन दूर रह गया, लेकिन उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की जीत की कहानी पहले ही लिख दी थी।
बिहार के वरिष्ठ नेता पप्पू यादव के बेटे सार्थक ने मुश्किल समय में ऐसी पारी खेली कि ईस्ट दिल्ली राइडर्स के गेंदबाज पूरे मैच में वापसी नहीं कर सके। एक तरह पप्पू यादव संसद से लेकर सड़क तक अपनी राजनीति से सुर्खियों में है, तो उनका बेटा सिर्फ क्रिकेट में अपना जलवा दिखा रहा है।

172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शुरुआत बिल्कुल उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से टीम दबाव में आ गई और स्कोर 39 रन पर दो विकेट हो गया। ऐसे वक्त पर कप्तान सार्थक रंजन ने मोर्चा संभाला और अपनी बल्लेबाजी से मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
सार्थक ने यश भाटिया के साथ तीसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने जल्दबाजी करने के बजाय पहले पारी को संभाला और फिर धीरे-धीरे गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू किया। जैसे-जैसे पारी आगे बढ़ी, सार्थक का आक्रामक अंदाज देखने को मिला।
दाएं हाथ के बल्लेबाज सार्थक ने केवल 50 गेंदों में 95 रन ठोक दिए। उनकी पारी में सात चौके और आठ लंबे छक्के शामिल रहे। मैच का सबसे रोमांचक पल 14वें ओवर में आया, जब उन्होंने तेज गेंदबाज सिमरजीत सिंह पर लगातार बड़े शॉट लगाते हुए एक ही ओवर से 29 रन बटोर लिए। उस ओवर के बाद मुकाबला लगभग एकतरफा हो गया।
सार्थक अपने शतक से सिर्फ पांच रन पहले आउट हो गए, लेकिन तब तक नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स जीत के बेहद करीब पहुंच चुकी थी। उनके लौटने के बाद यश भाटिया ने जिम्मेदारी संभाली और नाबाद अर्धशतक लगाकर टीम को बिना किसी परेशानी के लक्ष्य तक पहुंचा दिया। स्ट्राइकर्स ने चार ओवर बाकी रहते ही मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया।
इससे पहले ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 171 रन बनाए थे। टीम के लिए सबसे बड़ी पारी सुजल सिंह के बल्ले से निकली। उन्होंने 50 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए और आखिरी ओवरों में तेज बल्लेबाजी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि दूसरे छोर से उन्हें ज्यादा सहयोग नहीं मिला और विकेट लगातार गिरते रहे।
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से गेंदबाजों ने भी अनुशासित प्रदर्शन किया। विकास दीक्षित ने चार ओवर में सिर्फ 19 रन खर्च किए और बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। बाकी गेंदबाजों ने भी लाइन और लेंथ बनाए रखी, जिसका फायदा टीम को रन चेज के दौरान मिला।


Click it and Unblock the Notifications
