पाकिस्तान की T20 सनसनी आजम खान की हो रही है सूर्यकमार से तुलना, बताया किससे लेते हैं प्रेरणा
Pakistan Super League: पीएसएल में आजम खान ने सूर्यकुमार यादव की स्टाइल में शॉट्स लगाते हुए नौ चौकों और आठ छक्कों की मदद से 42 गेंदों में 97 रनों की पारी खेली। वे स्काई से नहीं किसी और बल्लेबाज से ज्यादा प्रभावित हैं।

पाकिस्तान की एक नई बैटिंग सनसनी हैं जिनका नाम हैं आजम खान। उन्होंने शुक्रवार को पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में एक और शानदार पारी खेली, जिसमें क्वेटा ग्लैडिएटर्स के खिलाफ मैच में 97 रनों की तूफानी रन शामिल हैं। आजम की धमाकेदार पारी ने जल्द ही उनकी तुलना भारत के स्टार सूर्यकुमार यादव से कर दी। यादव को भी आईपीएल ने चर्चा दिलाई थी और वे टी20 फॉर्मेट में दुनिया के बेस्ट बल्लेबाज माने जाते हैं और दुनिया में इस समय नंबर एक भी हैं।
पाकिस्तान के आजम भी खास बल्लेबाज के तौर पर उभर रहे हैं। उन्होंने नौ चौकों और आठ छक्कों की मदद से 42 गेंदों में 97 रनों की पारी खेली। इस पारी के दम पर इस्लामाबाद यूनाइटेड ने क्वेटा के खिलाफ मैच में छह विकेट पर 220 रन बनाकर विपक्षी टीम को सिर्फ 157 रन पर आउट कर दिया था। पूर्व पाक कोच मिस्बाह ने उस पारी से पूरी तरह प्रभावित होकर अपने कमेंट में सूर्यकुमार का भी नाम ले दिया।
मिस्बाह ने समा टीवी पर बात करते हुए कहा, "हम सूर्यकुमार यादव के बारे में बात करते हैं, वह नए शॉट खेलते हैं, मैदान के उन क्षेत्रों में गेंद भेजते हैं जहां कोई सोच भी नहीं सकता कि शॉट चलेंगे। लेकिन जिस तरह आजम ने कल खेला, जिस तरह से उन्होंने पॉइंट और एक्स्ट्रा कवर पर कुछ शॉट मारे, और शॉट जो उन्होंने फाइन लेग और स्क्वायर लेग पर डेवलेप किए वह बहुत खास था।"
दूसरी ओर जब Pak.tv के साथ बातचीत में आजम से पूछा गया तो उन्होंने सूर्यकुमार यादव को अपना आदर्श बल्लेबाज मानने से इंकार कर दिया बल्कि ऑस्ट्रेलिया के तूफानी टी20 बल्लेबाज टिम डेविड को अपनी प्रेरणा माना।
उन्होंने कहा, "मैं जिस पोजीशन पर बल्लेबाजी करता हूं, आप जानते हैं कि स्थिति काफी अलग और अधिक कठिन है। आपको बस जाकर मैच खत्म करने की जरूरत है। लेकिन मैं टिम डेविड से ज्यादा प्रेरित हूं। वह बड़े शॉट मारते हैं और मैं उनकी बल्लेबाजी भूमिका को जानता और समझता हूं क्योंकि मैं उसी स्थान पर बल्लेबाजी करता हूं। सूर्यकुमार अक्सर जहां खेलते हैं वो टॉप ऑर्डर की तरह ही होता है।"












Click it and Unblock the Notifications