T20 World Cup के लिए पाकिस्तान टीम का ऐलान, इन 15 खिलाड़ियों को मिली जगह, यहां जानें नाम
T20 World Cup 2024, Pakistan squad: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आखिरकार टी-20 वर्ल्ड कप के लिए खिलाड़ियों का ऐलान कर दिया है। 24 मई शुक्रवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टी-20 वर्ल्ड कप में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की। साल 2024 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की कप्तानी बाबर आजम करते हुए नजर आएंगे। फिलहाल पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टी-20 वर्ल्ड कप के लिए कोई भी रिजर्व खिलाड़ी को नहीं रखा है।
इन खिलाड़ियों को नहीं मिली जगह
टी-20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान की टीम में कुछ नए खिलाड़ियों की एंट्री हुई है। वहीं कुछ दिग्गज खिलाड़ियों को टीम में मौका नहीं दिया गया है। पाकिस्तान के टी-20 वर्ल्ड कप टीम में तेज गेंदबाज हसन अली, ऑलराउंडर सलमान अली आगा और मोहम्मद वसीम जूनियर को जगह नहीं दी गई है।

पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप खेलेंगे ये खिलाड़ी
वहीं पाकिस्तान की टीम में कई ऐसे युवा खिलाड़ी भी हैं जो पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप खेलते हुए नजर आएंगे। पाकिस्तान की तरफ से साल 2024 में अबरार अहमद, आजम खान, मोहम्मद अब्बास अफरीदी, सईम अयूब और उस्मान खान जैसे खिलाड़ी पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा लंबे समय बाद मोहम्मद आमिर और इमाद वासिम भी इस बड़े टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आएंगे। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने साल 2016 और 2021 में पाकिस्तान की तरफ से टी-20 वर्ल्ड कप खेला था।
2009 में जीता था खिताब
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने साल 2009 में टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। इसके बाद से ही पाकिस्तान को खिताब की तलाश है। श्रीलंका को आठ विकेट से हराकर पाकिस्तान की टीम ने 21 जून 2009 को इतिहास रचा था। पाकिस्तान ने यह कारनामा ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर किया था।
वनडे वर्ल्ड कप में रहा था निराशाजनक प्रदर्शन
पिछले साल भारत में वनडे वर्ल्ड कप के दौरान पाकिस्तान की टीम संघर्ष करती हुई नजर आई थी। बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान का प्रदर्शन बेहद रहा निराशाजनक रहा था। जिसकी वजह से बाबर आजम को कप्तानी के पद से हटा दिया गया था। लेकिन एक बार फिर से बाबर आजम पर क्रिकेट बोर्ड ने भरोसा जताया है और टी-20 वर्ल्ड कप के लिए उन्हें टीम का कप्तान नियुक्त किया है।
टी-20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान टीम: बाबर आजम (कप्तान), अबरार अहमद, आजम खान, फखर जमान, हारिस रऊफ, इफ्तिखार अहमद, इमाद वसीम, मोहम्मद अब्बास अफरीदी, मोहम्मद आमिर, मोहम्मद रिजवान, नसीम शाह, सईम अयूब, शादाब खान, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान खान।












Click it and Unblock the Notifications