PAK vs SL:13 गेंद तक खाता नहीं खोला! बाबर आज़म पर फूटा फैंस का गुस्सा, वनडे में की टेस्ट वाली बैटिंग
PAK vs SL: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आज़म के बल्ले से रन सूखते जा रहे हैं। श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज़ में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन एक बार फिर वह फ्लॉप साबित हुए। फैंस अब यह सवाल पूछने लगे हैं कि आखिर बाबर के बल्ले को क्या हो गया है?
रावलपिंडी में पहले एकदिवसीय मुकाबले में बाबर आज़म ने 51 गेंदों में सिर्फ 29 रन बनाए। शुरुआत इतनी धीमी रही कि उन्होंने खाता खोलने में ही 13 गेंदें लगा दीं। यह पारी किसी टेस्ट मैच जैसी लगी, जबकि वनडे में टीम को तेज़ रन की ज़रूरत थी। उनकी यह धीमी बल्लेबाज़ी अब आलोचकों के लिए मुद्दा बन गई।

बाबर आज़म का आखिरी इंटरनेशनल शतक साल 2023 में आया था। तब से वह कई बार फिफ्टी के करीब पहुंचे लेकिन तीन अंकों का आंकड़ा पार नहीं कर सके। पाकिस्तानी टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज़ माने जाने वाले बाबर अब खुद फॉर्म की लड़ाई में उलझ गए हैं।
कप्तानी खोने के बाद अब बाबर आज़म की टीम में जगह भी खतरे में है। अगर वह इस सीरीज़ में भी रन नहीं बना पाए, तो अगले चयन से उन्हें बाहर बैठना पड़ सकता है। पहले भी ऐसी रिपोर्ट्स सामने आ चुकी हैं, लगातार फ्लॉप होने से सलेक्टर्स के ऊपर भी दबाव बन रहा है।
जब भी वह फ्लॉप होते हैं, तो लोग उनको ज़िम्बाब्वे के खिलाफ रन बनाने वाला प्लेयर बताते हुए ट्रोल करते हैं। हालांकि उनकी क्षमता पर किसी को शक नहीं है, वह फॉर्म में वापसी करके गेंदबाजों की नींद उड़ा सकते हैं।
बाबर तो फ्लॉप हो गए लेकिन पाकिस्तान के सलमान अली ने धमाल मचाते हुए एक शतक (105*) जड़ा और स्कोर 299 रनों तक पहुंचा दिया। उनके अलावा हुसैन तलत का बल्ला भी चला, वह 62 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए, दोनों ने मिलकर पाकिस्तानी टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचा दिया।












Click it and Unblock the Notifications